नई दिल्ली: भारत ने एशियाई खेलों २०२६ में महिलाओं की ट्रैप टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। नीरू ढांडा, आशिमा अहलावत और मनीषा कीर की भारतीय टीम ने ३ दिनों के १२५ शॉट क्वालिफिकेशन राउंड के बाद कुल ३२८ अंक हासिल किए। भारत ने रजत पदक की होड़ में कुवैत को पीछे छोड़ा। चीन की टीम ने ३४६ अंकों के साथ स्वर्ण और कुवैत की टीम ने ३२५ अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। स्पर्धा का आयोजन आइची प्रीफेक्चरल जनरल शूटिंग गैलरी में हुआ।
नीरू ढांडा ने टीम पदक के साथ-साथ व्यक्तिगत स्पर्धा में भी भारत के लिए पदक की उम्मीद जगाई है। उन्होंने क्वालिफिकेशन में १२५ में ११८ अंक हासिल किए और कतर की बासिल रे के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर रहीं। भारत की अन्य दो शूटर हालांकि व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सकीं। आशिमा अहलावत ने १०६ अंकों के साथ १६वें और मनीषा कीर ने १०४ अंकों के साथ २३वें स्थान पर रहीं।
पुरुषों की ट्रैप टीम स्पर्धा में हालांकि भारत को कोई पदक हासिल नहीं हुआ। महिला टीम के विपरीत पुरुष टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। भारत ३३९ अंकों के साथ छठे स्थान पर रहा। कुवैत की टीम ने ३५५ अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं कतर की टीम ने ३४९ अंकों के साथ रजत और कजाकिस्तान की टीम ने ३४८ अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल किया। शपथ भारद्वाज ने पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई है। युवा शूटर ने ५ सीरीज के बाद ११७ अंक हासिल किए।
महिला ट्रैप टीम के रजत पदक के साथ ही एशियाई खेलों २०२६ में शूटिंग में भारत की पदक संख्या बढ़कर १३ पहुंच गई है। इसमें एक स्वर्ण पदक भी शामिल है, जो १० मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा में कमलजीत और सुरुचि सिंह ने जीता था।





