शूटिंग की मिश्रित टीम स्पर्धा और बैडमिंटन में निराशाजनक प्रदर्शन

IMG-20260922-WA0050

​नई दिल्ली: भारतीय शूटर इलावेनिल वालारिवन और पार्थ माने की जोड़ी मंगलवार को एशियाई खेलों की १० मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में क्वालिफिकेशन की असाधारण लय को बरकरार नहीं रख सकी। भारतीय जोड़ी फाइनल में चौथे स्थान पर रही और पदक जीतने का मौका गंवा दिया। इलावेनिल और पार्थ इससे पहले अपनी-अपनी टीम स्पर्धाओं में रजत पदक जीत चुके थे, लेकिन मिश्रित टीम के फाइनल में वे चीन, दक्षिण कोरिया और जापान की जोड़ियों को चुनौती नहीं दे सके।
​भारतीय जोड़ी पूरे फाइनल में पिछड़ती रही और अंत में ३७६.३ अंकों के साथ पदक की दौड़ से बाहर हो गई। चीन की वांग झिफेई और शेंग लिहाओ की जोड़ी ने ५०७.१ अंकों के विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं बान ह्योजिन और पार्क हाजुन की दक्षिण कोरियाई जोड़ी ५०२.९ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहकर रजत पदक जीतने में सफल रही। कांस्य पदक (४३९.७ अंक) जापानी टीम के खाते में गया। क्वालिफिकेशन में चौथे स्थान पर रहने वाले वियतनाम को अयोग्य (डिसक्वालिफाई) घोषित कर दिया गया। इससे पहले इलावेनिल और पार्थ की भारतीय जोड़ी ने क्वालिफिकेशन में ६३४.६ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था।
​इसी तरह भारतीय महिला बैडमिंटन टीम की पदक जीतने की संभावना भी समाप्त हो गई। भारत को मंगलवार को क्वार्टर फाइनल में जापान के खिलाफ १-३ से हार का सामना करना पड़ा। भारत ने जापान के खिलाफ तीनों एकल (सिंगल्स) मैच गंवा दिए। भारत की शीर्ष खिलाड़ी पीवी सिंधु को अकाने यामागुची के खिलाफ २३-२१, १८-२१, ११-२१ से हार झेलनी पड़ी।
​वहीं उन्नति हुड्डा को तोमोका मियाजाकी ने २१-१६, २१-१८ से हराया। अंतिम एकल मैच में तन्वी शर्मा को नोजोमी ओकुहारा के खिलाफ २१-१२, २१-१० से हार का सामना करना पड़ा। भारत को एकमात्र सफलता युगल (डबल्स) मैच में मिली, जहां तृषा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने युकी फुकुशिमा और मायु मात्सुमोतो की जोड़ी को २१-१७, २१-१६ से पराजित किया।

About Author

Advertisement