लुसाने डायमंड लीग में नीरज दूसरे स्थान पर, पथिरागे चैंपियन

38fd79f1-900b-4651-818b-920215f28062

लुसाने: भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने स्विट्जरलैंड के लुसाने में आयोजित डायमंड लीग २०२६ में जारी सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के बावजूद खिताब नहीं जीत सके। नीरज ने स्पर्धा में ८८.०५ मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया, लेकिन खिताब जीतने से चूक गए। वह केवल ९ सेंटीमीटर के अंतर से दूसरे स्थान पर रहे। श्रीलंका के रूमेश पथिरागे ने ८८.१४ मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ पहला स्थान हासिल कर खिताब जीता।
​नीरज ने अपने अभियान की शुरुआत ८३.५४ मीटर के थ्रो के साथ की, जिससे वह शुरुआती चरण में पथिरागे से पीछे दूसरे स्थान पर रहे। भारतीय एथलीट ने अपने दूसरे प्रयास में ८८.०५ मीटर की दूरी पर भाला फेंककर शीर्ष स्थान हासिल किया। यह नीरज का इस सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रयास था, लेकिन उनकी बढ़त अधिक समय तक कायम नहीं रह सकी।
​श्रीलंका के पथिरागे ने अपने तीसरे प्रयास में ८८.१४ मीटर का थ्रो करके शीर्ष स्थान हासिल किया। इस प्रकार पथिरागे का थ्रो नीरज के सीजन के सर्वश्रेष्ठ थ्रो से केवल ९ सेंटीमीटर अधिक रहा। नीरज ने तीसरे प्रयास में ८३.७२ मीटर का थ्रो किया, जबकि उनका चौथा प्रयास फाउल रहा। अंतिम क्षणों तक चले रोमांचक मुकाबले के बावजूद भारतीय स्टार श्रीलंकाई प्रतिद्वंद्वी को पीछे नहीं छोड़ सके।
​दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज ने अपने पांचवें प्रयास को छोड़ने का फैसला किया। पथिरागे का पांचवां प्रयास भी फाउल रहा। नीरज के पास अपने अंतिम प्रयास में नतीजा अपने पक्ष में करने का मौका था, लेकिन वह केवल ८२ मीटर का ही थ्रो कर सके। इस तरह पथिरागे ने ८८.१४ मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ खिताब जीत लिया।
​स्पर्धा में ग्रेनेडा के दिग्गज एथलीट एंडरसन पीटर्स ने ८६.६९ मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ कांस्य पदक जीता। इस सीजन में नीरज की मौजूदगी के बावजूद पथिरागे ने खिताब जीता है। इससे पहले दोहा डायमंड लीग और ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भी पथिरागे ने नीरज को पीछे छोड़कर खिताब जीता था। नीरज पिछले कुछ समय से पीठ की चोट से जूझ रहे हैं, लेकिन उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों और लुसाने डायमंड लीग में अच्छा प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि नीरज ने टोक्यो ओलंपिक २०२० में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था।

About Author

Advertisement