लगातार दूसरे डब्ल्यूटीसी फाइनल के करीब पहुंचा दक्षिण अफ्रीका

IMG-20261126-WA0067

दुबई: दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप किया है। दूसरे टेस्ट मैच में मेजबान टीम ने पारी और २१९ रन से जीत हासिल की। मुकाबला केवल तीन दिनों में समाप्त हो गया। इस हार के साथ बांग्लादेश की टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) २०२५-२७ चक्र के फाइनल की दौड़ से बाहर हो गई। वहीं, मौजूदा चैंपियन दक्षिण अफ्रीका ने अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। भारतीय टीम सूची में चौथे स्थान पर है।
दूसरे टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका की जीत में वियान मुल्डर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने पहली पारी में शतक बनाकर टीम को सात विकेट पर ४९४ रन के स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। इसके बाद उन्होंने बांग्लादेश की दूसरी पारी में ३१ रन देकर सात विकेट भी हासिल किए। इस तरह बांग्लादेश की दूसरी पारी १८४ रन पर सिमट गई। बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में केवल ९१ रन बनाए थे।
इस प्रदर्शन के साथ मुल्डर टेस्ट क्रिकेट के एक ही मैच में शतक बनाने के साथ सात विकेट लेने वाले छठे खिलाड़ी बन गए। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह दक्षिण अफ्रीका के पहले क्रिकेटर भी हैं।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से मार्क्स एकरमैन ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने १३८ गेंदों पर १५० रन बनाए। इस सीरीज में उन्होंने दो टेस्ट मैचों की चार पारियों में कुल ४७० रन बनाए और प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार जीता।
बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज २-० से क्लीन स्वीप करने के बाद दक्षिण अफ्रीका की शीर्ष स्थान पर स्थिति और मजबूत हो गई है। टीम का अंक प्रतिशत बढ़कर ७७.७८ हो गया है। अभी पांच टेस्ट मैच बाकी होने के कारण दक्षिण अफ्रीका फाइनल में पहुंचने का प्रबल दावेदार बन गया है।
इसके विपरीत, बांग्लादेश ३६.५७ अंक प्रतिशत के साथ खिसककर छठे स्थान पर पहुंच गया है। भारतीय टीम १२ टेस्ट मैचों में पांच जीत, चार हार और तीन ड्रॉ के साथ ५० अंक प्रतिशत लेकर चौथे स्थान पर है। भारत के कुल ७२ अंक हैं।
न्यूजीलैंड ६६.७७ अंक प्रतिशत के साथ तीसरे और ऑस्ट्रेलिया ६९.२३ अंक प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर है। दक्षिण अफ्रीका के बाद ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड भी मजबूत स्थिति में हैं। इंग्लैंड ३८.५४ अंक प्रतिशत के साथ पांचवें स्थान पर है।

About Author

Advertisement