गंगटोक: केंद्रीय एकीकृत कीट प्रबंधन केंद्र (सीआईपीएमसी), गंगटोक ने ‘हर घर तिरंगा’ सप्ताह (७ से १५ अगस्त २०२६) के तीसरे चरण के तहत राजकीय जूनियर हाई स्कूल, रे मिंदू के सहयोग से एक सामाजिक आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम बंकिम चंद्र चटर्जी द्वारा रचित राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की १५०वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। भारत सरकार ७ नवंबर २०२५ से ७ नवंबर २०२६ तक वर्ष भर ‘वंदे मातरम’ की १५०वीं वर्षगांठ मना रही है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के छात्रों ने राष्ट्रीय गीत का गायन किया और पारंपरिक लेप्चा नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद छात्रों और शिक्षकों ने एक प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता में भाग लिया। कार्यक्रम का समापन स्कूल परिसर में नीम के पौधे लगाकर किया गया।
इस दौरान सीआईपीएमसी के उप निदेशक डॉ. ए. चक्रवर्ती, सहायक निदेशक रोमन लेप्चा और स्कूल के प्रधानाचार्य प्रकाश शर्मा ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में ‘वंदे मातरम’ के महत्व पर छात्रों से चर्चा की। इसके अलावा, सिक्किम में जैविक खेती के महत्व और एकीकृत कीट प्रबंधन (आईपीएम) के बारे में भी छात्रों को जागरूक किया गया।










