अमित शाह कल राज्यसभा में पेश करेंगे विधेयक
नई दिल्ली:केंद्र सरकार राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ को कानूनी संरक्षण देने के लिए एक नया विधेयक लाने जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संसद के मौजूदा मानसून सत्र के दौरान सोमवार को राज्यसभा में ‘वंदे मातरम विधेयक’ पेश करेंगे। इस प्रस्तावित कानून का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय गीत को वही कानूनी सुरक्षा और दर्जा प्रदान करना है, जो वर्तमान में राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ को प्राप्त है।
यदि यह विधेयक संसद के दोनों सदनों से पारित हो जाता है, तो यह ‘राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम अधिनियम’ में संशोधन करेगा। इसके बाद वंदे मातरम का अपमान करना एक गंभीर आपराधिक कृत्य माना जाएगा।
कड़े दंड का प्रावधान
प्रस्तावित कानून के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर राष्ट्रीय गीत का अपमान करता है, उसे गाने से रोकता है या इसके गायन में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न करता है, तो उसे अधिकतम तीन साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों सजाएं दी जा सकती हैं। वर्तमान कानून के तहत यह सुरक्षा केवल राष्ट्रगान, राष्ट्रीय ध्वज और संविधान के अपमान तक ही सीमित थी।
गृह मंत्रालय का निर्देश
उल्लेखनीय है कि इस विधायी कदम से पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय ने ९ जुलाई को सभी राज्यों को एक दिशा-निर्देश जारी किया था। इसमें कहा गया था कि सभी आधिकारिक व सरकारी कार्यक्रमों के दौरान राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ से ठीक पहले ‘वंदे मातरम’ का गायन या वादन सुनिश्चित किया जाए। इस विधेयक पर संसद में विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।










