“इतिहास हमारी पहचान है, इसके संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है”: मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती
मंगपू: पश्चिम बंगाल सरकार की सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों तथा पर्यटन विभाग की राज्य मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती ने कहा है कि मंगपू की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन के विकास और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में राज्य सरकार विशेष पहल करेगी।
शनिवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग की ओर से मंगपू पहुंचीं मंत्री चक्रवर्ती ने ऐतिहासिक रवींद्र भवन का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की।
दौरे के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने ऐतिहासिक धरोहरों को नष्ट करने का काम किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार इतिहास और पहचान के संरक्षण को प्राथमिकता देगी।
उन्होंने कहा, “पिछली सरकार ने केवल नष्ट करने का काम किया। इतिहास हमारी पहचान है और इस पहचान को बचाने के लिए सरकार तैयार है। हमारी सरकार इतिहास और पहचान के संरक्षण के लिए काम करेगी।”
मंत्री चक्रवर्ती ने कहा कि आने वाले दिनों में ऐतिहासिक स्थलों को केवल स्मारकों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें आर्थिक विकास से जोड़ना जरूरी है। इसके लिए हेरिटेज डिपेंडेंट टूरिज्म और कल्चर डिपेंडेंट टूरिज्म को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की सरकार की योजना है।
उनका मंगपू दौरा उनके दो दिवसीय दार्जिलिंग एवं कालिम्पोंग भ्रमण कार्यक्रम का हिस्सा था। दौरे के दौरान उन्होंने रवींद्र भवन में संबंधित अधिकारियों से मुलाकात की और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
उल्लेखनीय है कि विश्वकवि रवींद्रनाथ ठाकुर अपने जीवनकाल में चार बार मंगपू आए थे। उनसे संबंधित रवींद्र संग्रहालय और रवींद्र भवन मंगपू की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहरें हैं। इन धरोहरों का संरक्षण कर उन्हें पर्यटन से जोड़ने पर स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है।





