गंगटोक: हिंदी दिवस के अवसर पर सिक्किम के माननीय राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने राज्य के सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
रविवार को लोकभवन से जारी एक संदेश में राज्यपाल माथुर ने कहा कि हिंदी भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं है, बल्कि यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक चेतना, भावनात्मक अभिव्यक्ति और राष्ट्र की गौरवशाली पहचान का आधार है। उन्होंने रेखांकित किया कि हिंदी विविधता में एकता को मजबूत करते हुए पूरे भारतवर्ष को अखंडता के एक अटूट सूत्र में पिरोती है।
राज्यपाल ने सिक्किम के संदर्भ में कहा, “सिक्किम जैसे बहुभाषी और बहुसांस्कृतिक राज्य में हिंदी संवाद के पुल और सामाजिक सौहार्द के संवाहक के रूप में कार्य करती है। किसी भी भाषा का सम्मान वास्तव में हमारी संस्कृति और सभ्यता का सम्मान है।” उन्होंने आगे कहा कि भाषा केवल शब्दों का समूह नहीं, बल्कि सदियों पुरानी परंपराओं, जीवन मूल्यों और ज्ञान की अमूल्य धरोहर है।
राज्यपाल ने राज्यवासियों से अपील करते हुए कहा कि अपनी स्थानीय मातृभाषाओं के प्रति पूरा सम्मान रखते हुए हिंदी भाषा को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाएं और राज्य की प्रगति तथा राष्ट्र के गौरव को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में अपना योगदान दें।





