राजगंज: खाद्य सुरक्षा विभाग, ब्लॉक प्रशासन और राजगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को राजगंज के फाटापुकुर और आसपास के इलाकों में स्थित कई होटलों और रेस्टोरेंटों पर औचक निरीक्षण (छापेमारी) किया। इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने भोजन की गुणवत्ता, रसोई की स्वच्छता, खाद्य भंडारण के तरीकों और आवश्यक लाइसेंसों की जांच की।
इस निरीक्षण अभियान में राजगंज के बीडीओ शुभंकर दास, खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी और राजगंज पुलिस के जवान मुख्य रूप से मौजूद रहे।
छापेमारी के दौरान एक होटल में कटी हुई सब्जियों पर मक्खियां भिनभिनाती पाई गईं, जबकि कुछ प्रतिष्ठानों के रेफ्रिजरेटर में पुराना बासी खाना जमा करके रखा गया था। इसके अलावा, पका हुआ और कच्चा खाना एक साथ रखा हुआ पाया गया। अधिकारियों ने होटल कर्मचारियों को सही भंडारण के प्रति सख्त चेतावनी दी और अधिकारियों की मौजूदगी में ही बासी खाद्य पदार्थों को नष्ट करवा दिया गया।
राजगंज के बीडीओ शुभंकर दास ने बताया कि यह कार्रवाई जिलाधिकारी के नेतृत्व और उप-विभागीय अधिकारी के निर्देशों पर की गई है। उन्होंने कहा कि टीम भोजन की गुणवत्ता, रसोई की सफाई, कर्मचारियों की यूनिफॉर्म, खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट और एफएसएसएआई लाइसेंस की गहन जांच कर रही है।
निरीक्षण के दौरान एक होटल प्रबंधन आवश्यक लाइसेंस प्रस्तुत करने में विफल रहा, जिसे दस्तावेज जमा करने के लिए समय दिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तय समयसीमा के भीतर कागजात पेश न करने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों को बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।





