सिलीगुड़ी: उत्तर बंगाल के महान समाज सुधारक मनीषी पंचानन वर्मा का ९२वाँ स्मृति दिवस गुरुवार को राजगंज में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ मनाया गया।झलियाली ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले मेहंदीगंज क्षेत्र स्थित करतोया नदी के तट पर स्थित चियारीखारी में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उत्तर बंगाल क्षत्रिय राजवंशी कुलगुरु ओ कुलशिष्य भक्त ओ भक्त समाज सेवा प्रतिष्ठान के तत्त्वावधान में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।कार्यक्रम में मनीषी पंचानन वर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रति भावभीनी श्रद्धांजलि व्यक्त की गई। इस अवसर पर समाज परिवर्तन और अधिकार प्राप्ति के लिए उनके द्वारा दिए गए योगदान तथा उपलब्धियों पर गहन चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया।उक्त स्मृति सभा में राजगंज पंचायत समिति की सभापति मोनिका अधिकारी, उप-सभापति निताई मंडल और मझियाली ग्राम पंचायत के प्रधान सुग्रीव राय की उपस्थिति रही।इसी प्रकार उत्तर बंगाल क्षत्रिय राजवंशी कुलगुरु ओ कुलशिष्य भक्त समाज सेवा प्रतिष्ठान की केंद्रीय समिति के अध्यक्ष करुणाकांत अधिकारी, सचिव हरदेव अधिकारी, तोयल सिंह राय सहित संगठन के अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों की भी भारी उपस्थिति रही।





