मौजूदा ५४३ सीटों पर ही लागू हो सकता है महिला आरक्षण: प्रियंका चतुर्वेदी

priyanka-chaturvedi

​नई दिल्ली: शिवसेना (यूबीटी) की नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने महिला आरक्षण को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की हालिया अधिसूचना के अनुसार, ३३ प्रतिशत महिला आरक्षण को मौजूदा ५४३ लोकसभा सीटों पर भी तत्काल प्रभाव से लागू किया जा सकता है। प्रियंका चतुर्वेदी ने स्पष्ट किया कि यदि लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ाने वाला संवैधानिक संशोधन दो-तिहाई बहुमत से पारित नहीं भी होता है, तब भी महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने का कानूनी रास्ता पूरी तरह खुला है।
​उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए ३३ प्रतिशत आरक्षण को मंजूरी देने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आभार व्यक्त किया और इसे महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का एक व्यावहारिक समाधान बताया। प्रियंका के अनुसार, विपक्ष लंबे समय से यही मांग कर रहा है कि परिसीमन का इंतजार किए बिना वर्तमान सीटों पर ही इसे लागू किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण केवल सरकार की नहीं बल्कि पूरे देश की जिम्मेदारी है। २०२३ में पारित ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि संसद का यह कर्तव्य है कि वह २०२९ तक महिलाओं के लिए अवसर सुनिश्चित करने की अपनी सामूहिक प्रतिबद्धता को पूरा करे। उनके अनुसार, वर्तमान अधिसूचना संसद में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित हो सकती है।

About Author

Advertisement