पारंपरिक खूंटी पूजा संपन्न
कोलकाता: उत्तर और मध्य कोलकाता की सबसे प्रतिष्ठित दुर्गा पूजा समितियों में से एक ‘मोहम्मद अली पार्क यूथ एसोसिएशन’ ने बुधवार को पारंपरिक खूंटी पूजा के साथ अपने ५८वें दुर्गा पूजा समारोह का औपचारिक शुभारंभ किया।
एमजी रोड मेट्रो स्टेशन के पास स्थित मोहम्मद अली पार्क दुर्गा पूजा मैदान में आयोजित इस विशेष समारोह में समिति के पदाधिकारियों और विशिष्ट अतिथियों ने पूजा के सफल और भव्य आयोजन के लिए मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तथा एसोसिएशन के अध्यक्ष तापस रॉय, विधायक विजय ओझा, पार्षद मीना देवी पुरोहित, भाजपा उत्तर कोलकाता के जिलाध्यक्ष तमघ्न घोष और मोहम्मद अली पार्क यूथ एसोसिएशन के उपाध्यक्ष व सामाजिक कार्यकर्ता बिनय दुबे की उपस्थिति रही।
इसके अलावा भाजपा नेता दिनेश पांडे, नवीन मिश्रा, भोला प्रसाद सोनकर, रवि तिवारी सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति और समिति के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
खूंटी पूजा के साथ ही ढाक की गूंज से माहौल भक्तिमय हो गया। पिछले लगभग छह दशकों से यह समिति अपनी अनूठी थीम, कलात्मक भव्यता, बेहतर सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द के संदेश के लिए जानी जाती है।
इस मौके पर एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी सुरेंद्र कुमार शर्मा ने कहा, “हम गर्व के साथ अपने ५८वें वर्ष की शुरुआत कर रहे हैं। हम हर साल भक्तों को एक यादगार अनुभव देने और अपनी परंपराओं को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमें उम्मीद है कि केएमसी जल्द ही पार्क के वॉटर रिजर्वायर का रेनोवेशन पूरा करेगा, जिससे हम फिर से अपने पारंपरिक स्थान पर पूजा का भव्य आयोजन कर सकेंगे।”
१९६९ में स्थापित मोहम्मद अली पार्क यूथ एसोसिएशन कोलकाता की सबसे लोकप्रिय दुर्गा पूजा समितियों में से एक है। भव्य पंडालों और सामाजिक रूप से प्रासंगिक विषयों के लिए पहचाने जाने वाली इस समिति को कई पुरस्कार भी मिल चुके हैं। यह समिति पूजा के अलावा साल भर सामाजिक कल्याण के कार्यों में भी सक्रिय रहती है।










