लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान लखनऊ में २०२७ के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी में हुई इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कड़ा संदेश दिया कि आगामी चुनाव में टिकट केवल मेरिट के आधार पर ही दिया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि जो कार्यकर्ता संगठन में सक्रिय हैं और जनता के बीच रहकर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्हें ही चुनाव में प्राथमिकता मिलेगी।
बैठक के दौरान ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ अभियान को गति देने और सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन बनाए रखने और स्वागत के दौरान सड़क जाम न करने की अपील की ताकि जनता को कोई असुविधा न हो। इसके साथ ही, जनता के बीच नियमित प्रवास न करने वाले पदाधिकारियों को पद छोड़ने की चेतावनी दी गई है और सभी क्षेत्रीय व जिला अध्यक्षों को १० जुलाई तक अपनी नई टीम का गठन करने का निर्देश मिला है।









