पानीटंकी: भारत-नेपाल सीमा पर स्थित नए मेची पुल पर सुरक्षा बलों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब १० लाख रुपये की बेहिसाबी भारतीय करेंसी के साथ दो लोगों को हिरासत में लिया है। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सीमा खुफिया टीम (बीआईटी) ने यह सफलता बुधवार शाम को सीमा पर चलाए गए एक नियमित चेकिंग अभियान के दौरान हासिल की।
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, पानीटंकी सीमा चौकी के पास नए मेची पुल पर भारत से नेपाल की ओर जा रही सिक्किम पंजीकरण नंबर (एसके ०१ पीबी ९४६५) की एक महिंद्रा एक्सयूवी कार को संदिग्ध मानकर जांच के लिए रोका गया था। जब वाहन की सघन तलाशी ली गई, तो चालक की सीट के नीचे और कार के भीतर बनाए गए अन्य गुप्त खानों से कुल ९ लाख ७४ हजार रुपये मूल्य के भारतीय नोट बरामद किए गए।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गंगटोक (सिक्किम) निवासी जीवन विश्वकर्मा (४९) और राहुल नेपाल (२५) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने खुद को गंगटोक में पुरानी गाड़ियों की खरीद-बिक्री (ट्रू वैल्यू) के व्यवसाय से जुड़ा होना बताया और कहा कि यह कार उनके एक ग्राहक की है।
रकम के संबंध में पूछताछ करने पर चालक जीवन विश्वकर्मा ने दावा किया कि बरामद राशि में से ५ लाख २४ हजार रुपये उसके हैं, जिसे वह नेपाल में अपनी बीमार सास के इलाज के लिए ले जा रहा था। वहीं, दूसरे यात्री राहुल नेपाल ने शेष ४ लाख ५० हजार रुपये को अपना बताते हुए दावा किया कि वह इस पैसे से नेपाल घूमने जा रहा था।
एसएसबी अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपी इतनी बड़ी रकम को ले जाने के संबंध में न तो कोई वैध दस्तावेज पेश कर सके और न ही धन के स्रोत का कोई संतोषजनक प्रमाण दे पाए। इसके बाद सुरक्षा बलों ने बरामद नकदी और महिंद्रा कार को जब्त कर लिया। आगे की कानूनी कार्रवाई और गहन जांच के लिए दोनों आरोपियों को जब्त सामान के साथ पानीटंकी स्थित भारतीय सीमा शुल्क (कस्टम) कार्यालय को सौंप दिया गया है।










