सिलीगुड़ी: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और उनकी माता के खिलाफ सोशल मीडिया रील में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में सिलीगुड़ी के एक सरकारी स्कूल के ११वीं कक्षा के छात्र को पुलिस ने हिरासत में लिया है। दोस्तों के साथ रील बनाने के दौरान की गई यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसके बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया।
वीडियो वायरल होने के बाद मंगलवार रात स्थानीय निवासियों और भाजपा समर्थकों ने छात्र के घर का घेराव किया, जहां हंगामा और मारपीट की घटनाएं भी सामने आईं। माहौल बिगड़ता देख एनजेपी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और छात्र को सुरक्षित बचाकर थाने ले गई। बुधवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद छात्र को बाल न्यायालय (जुवेनाइल कोर्ट) में पेश किया गया है, और मामले की आगे की जांच जारी है।










