खिलाड़ियों को दी खेल का आनंद लेने की सलाह
मुंबई: मुंबई इंडियंस के कप्तान के रूप में वापसी करने के बाद रोहित शर्मा की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। फ्रेंचाइजी की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में रोहित ने खुलासा किया कि जब आकाश अंबानी ने उन्हें एक बार फिर कप्तानी संभालने का प्रस्ताव दिया था, तो उनका शुरुआती जवाब सकारात्मक नहीं था। उन्होंने इस जिम्मेदारी को स्वीकार करने से पहले काफी सोच-विचार किया था। रोहित ने टीम की पिछली असफलताओं, ड्रेसिंग रूम की निराशा और नए सीजन की रणनीति पर भी खुलकर बात की है।
मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार को आईपीएल २०२७ के लिए रोहित शर्मा को एक बार फिर टीम का कप्तान नियुक्त किया। अब ३९ वर्षीय रोहित इस पद पर हार्दिक पांड्या की जगह लेंगे। हार्दिक पांड्या नीलामी से पहले हुए ट्रेड के तहत पंजाब किंग्स में शामिल हो गए हैं। इस ट्रेड में मुंबई इंडियंस को अर्शदीप सिंह मिले हैं।
रोहित ने बताया कि फ्रेंचाइजी के मालिक आकाश अंबानी ने कप्तानी को लेकर उनसे बातचीत की थी। रोहित ने कहा, “जब आकाश का फोन आया, उस समय मैं अपनी पत्नी से बात कर रहा था। हम दोनों के बीच इस बात पर चर्चा हुई कि टीम को आगे बढ़ाने के लिए क्या किया जा सकता है। इस दौरान कई विचार साझा किए गए। इसके बाद आकाश ने पूछा कि क्या मैं फिर से मुंबई इंडियंस की कप्तानी करने के लिए तैयार हूं। शुरुआत में मेरा जवाब सकारात्मक नहीं था। मुझे इस बारे में सोचने के लिए समय चाहिए था। पिछले कुछ वर्षों में काफी कुछ हुआ था। इसलिए मुझे पता नहीं था कि मैं इस जिम्मेदारी को संभालने के लिए मानसिक रूप से तैयार हूं या नहीं।”
रोहित के अनुसार, उन्होंने इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया। उन्हें महसूस हुआ कि मुंबई इंडियंस को फिर से लय में लाने के लिए सही दिशा की जरूरत है। भारत के पूर्व कप्तान ने कहा, “काफी सोच-विचार के बाद मुझे एक बात समझ में आई। मैं यह नहीं कहना चाहता कि टीम को एक नेता के रूप में मेरी जरूरत है, लेकिन टीम को सही दिशा की जरूरत है। इसलिए मैंने एक बार फिर इस चुनौती को स्वीकार करने का फैसला किया। यह वही टीम है जिसे मैंने बनाया है। मैंने १० साल तक इस टीम की कप्तानी की है। इसलिए मुझे लगा कि एक बार फिर चुनौती स्वीकार करने का समय आ गया है।”
रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीता था। टीम आखिरी बार २०२० में आईपीएल चैंपियन बनी थी। इसके बाद फ्रेंचाइजी का सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा। मुंबई २०२१ सीजन में पांचवें स्थान पर रही, जबकि २०२२ में अंक तालिका में सबसे नीचे रही। साल २०२३ में टीम की कप्तानी रोहित से लेकर हार्दिक पांड्या को सौंप दी गई। कप्तानी बदलने के बावजूद टीम के प्रदर्शन में सुधार नहीं हुआ। टीम २०२४ में दसवें स्थान पर रही, जबकि २०२५ में क्वालीफायर-२ तक पहुंची। वहीं, २०२६ सीजन में टीम नौवें स्थान पर रही।
रोहित ने यह भी स्वीकार किया कि टीम के खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से निराश थे। उन्होंने कहा, “हम कैसा क्रिकेट खेल रहे हैं, इसे लेकर खिलाड़ी भी निराश थे। पेशेवर खिलाड़ियों के साथ ऐसा होता है। मैं एक-दो खिलाड़ियों की नहीं, बल्कि पूरी टीम की बात कर रहा हूं। निराशा सिर्फ प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाने की नहीं थी। हम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे और अपनी जिम्मेदारियां पूरी नहीं कर पा रहे थे। यही बात हमें निराश कर रही थी।”
कप्तानी वापस मिलने के बाद रोहित ने नए सीजन के लिए अपनी प्राथमिकताएं भी स्पष्ट कर दी हैं। उनके अनुसार, मुंबई इंडियंस को फिलहाल खिताब जीतने का दबाव लेने के बजाय खेल का आनंद लेने पर ध्यान देना चाहिए। रोहित ने कहा, “मैं टीम के साथ ट्रॉफी के बारे में बात नहीं करूंगा। ट्रॉफी अभी बहुत दूर है। सबसे पहले हमें अपने खेल का आनंद लेना होगा। क्रिकेट एक खेल है और आपको इसका मजा लेना चाहिए। यह सिर्फ आनंद लेने की बात है। दबाव कहीं जाने वाला नहीं है, तो उसके बारे में सोचकर अपना समय क्यों बर्बाद करें? चाहे हम टीम के रूप में बस में सफर कर रहे हों या मैदान पर पहुंच रहे हों, हमें हर पल का आनंद लेना चाहिए।”
रोहित ने टीम के प्रत्येक खिलाड़ी के योगदान और फ्रेंचाइजी का हिस्सा होने के अनुभव को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, “हमारी प्राथमिकता मुंबई इंडियंस का हिस्सा होने का आनंद लेना और इस ऐतिहासिक फ्रेंचाइजी से जुड़े होने का मजा लेना है।”
उल्लेखनीय है कि रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने २०१३, २०१५, २०१७, २०१९ और २०२० में आईपीएल खिताब जीते थे। इसके अलावा टीम ने २०१३ में चैंपियंस लीग टी-२० का खिताब भी अपने नाम किया था।
रोहित ने कहा, “हम पांच बार खिताब जीत चुके हैं। पिछले छह वर्षों में हमें अपनी उम्मीदों के मुताबिक नतीजे नहीं मिले। हमें हमेशा याद रखना होगा कि हम क्या हासिल कर सकते हैं, लेकिन केवल पुरानी उपलब्धियों के भरोसे नहीं बैठ सकते। हमने क्या किया है, यह समझना जरूरी है, लेकिन हमें अपनी पिछली उपलब्धियों को पीछे छोड़कर आगे बढ़ना होगा।”





