मलिंगा सहित ३ लोगों की विदाई
नई दिल्ली: आईपीएल २०२७ से पहले ५ बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा फेरबदल किया है। टीम ने गेंदबाजी कोच लसिथ मलिंगा और पारस म्हाम्ब्रे के साथ-साथ फील्डिंग कोच कार्ल हॉपकिंसन से भी नाता तोड़ लिया है। मुंबई इंडियंस ने गुरुवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि की।
फ्रेंचाइजी ने अपनी वेबसाइट पर जारी बयान में तीनों कोचों के योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया है। मुंबई इंडियंस ने बताया कि मलिंगा, म्हाम्ब्रे और हॉपकिंसन पुरुष टीम के कोचिंग सेटअप से अलग हो रहे हैं। इसके साथ ही टीम ने तीनों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं।
श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा मुंबई इंडियंस के सबसे चर्चित और सफल खिलाड़ियों में शामिल रहे। उन्होंने टीम के गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करते हुए फ्रेंचाइजी को ४ बार चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा वह २०११ में चैंपियंस लीग टी२० का खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस टीम का भी हिस्सा थे। खिलाड़ी के रूप में योगदान देने के बाद मलिंगा मेंटर और कोच के रूप में फ्रेंचाइजी से जुड़े रहे थे। मुंबई इंडियंस ने उनके गहरे जुड़ाव, प्रतिस्पर्धी भावना और टीम के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी विरासत हमेशा फ्रेंचाइजी का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगी।
पारस म्हाम्ब्रे का भी मुंबई इंडियंस से लंबे समय से नाता रहा था। वह पहली बार २०१० में फ्रेंचाइजी से जुड़े थे और २०१७ तक टीम में रहे। उसके बाद वह २०२४ में मुंबई इंडियंस में वापस लौटे। गेंदबाजी कोच के रूप में म्हाम्ब्रे ने टीम के गेंदबाजों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें विकसित करने में योगदान दिया। फ्रेंचाइजी ने उनके अनुभव, समर्पण और टीम संस्कृति (टीम कल्चर) की गहरी जानकारी की प्रशंसा की है। इसके साथ ही टीम के भीतर मजबूत संबंध बनाने में उनके योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया है।
इंग्लैंड के पूर्व फील्डिंग कोच कार्ल हॉपकिंसन २०२५ सीजन से पहले मुंबई इंडियंस के कोचिंग स्टाफ में शामिल हुए थे। वह अपने साथ इंग्लैंड की पुरुष क्रिकेट टीम के साथ काम करने का अंतरराष्ट्रीय अनुभव टीम में लाए थे। मुंबई इंडियंस ने फील्डिंग के स्तर को बेहतर बनाने के लिए उनके पेशेवर दृष्टिकोण, विशेषज्ञता और प्रतिबद्धता की सराहना की है।
उल्लेखनीय है कि मुंबई इंडियंस ने हाल ही में वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड को मुख्य कोच नियुक्त किया था।





