मुंबई इंडियंस की लगातार चौथी हार, पंजाब शीर्ष पर

IMG-20260416-WA0086

मुंबई: ​आईपीएल २०२६ के रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स ने पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को ७ विकेट से करारी शिकस्त दी है। इस जीत के साथ ही पंजाब किंग्स ५ मैचों में ९ अंकों के साथ अंक तालिका के शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है और इस सीजन में अब तक अजेय रहने वाली एकमात्र टीम बनी हुई है। दूसरी ओर, लगातार चौथी हार के बाद मुंबई इंडियंस २ अंकों के साथ नौवें स्थान पर खिसक गई है।
​वानखेड़े स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने क्विंटन डी कॉक के शानदार शतक की बदौलत २० ओवर में ६ विकेट खोकर १९५ रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। डी कॉक ने महज ६० गेंदों में ८ चौकों और ७ छक्कों की मदद से ११२ रनों की आतिशी पारी खेली, जबकि नमन धीर ने ३१ गेंदों में ५० रनों का योगदान दिया। पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने ३ विकेट चटकाए।
​जवाब में १९६ रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र १६.३ ओवर में ३ विकेट खोकर १९८ रन बना लिए और आसान जीत दर्ज की। ओपनर प्रभसिमरन सिंह ने ३९ गेंदों में ११ चौकों और २ छक्कों की मदद से नाबाद ८० रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी ३५ गेंदों में ६६ रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। मुंबई के गेंदबाजों का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा, जहाँ स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने ४ ओवर में ४१ रन लुटाए और उन्हें कोई सफलता हाथ नहीं लगी।

About Author

Advertisement