चोट के कारण बार्सिलोना ओपन से बाहर हुए कार्लोस अल्काराज

IMG-20260416-WA0081

नई दिल्ली: शीर्ष वरीयता प्राप्त स्पेन के स्टार टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज कलाई (नाड़ी) में चोट के कारण बार्सिलोना ओपन टेनिस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
२२ वर्ष के अल्काराज ने पहले दौर में जीत दर्ज की थी, लेकिन चोट के चलते उन्हें टूर्नामेंट छोड़ना पड़ा। उन्होंने अपने पहले मुकाबले में क्वालीफायर ओटो विरटेनन को सीधे सेटों में हराया था। हालांकि, मैच के दौरान ही उनकी कलाई में दर्द शुरू हो गया था, जो बाद में गंभीर साबित हुआ।
अल्काराज को गुरुवार को टोमस मचाक के खिलाफ खेलना था, लेकिन दाहिनी कलाई की मेडिकल जांच के बाद उन्होंने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया। उन्होंने कहा कि मैच के दौरान रिटर्न मारते समय ही उन्हें चोट का अहसास हो गया था। टेस्ट के बाद पता चला कि चोट उम्मीद से ज्यादा गंभीर है।
उन्होंने कहा कि अब उन्हें अपने शरीर के संकेतों को समझना होगा और बड़े टूर्नामेंट्स से पहले पूरी तरह फिट होना जरूरी है। अल्काराज जल्द ही अपने घर लौटकर डॉक्टरों और फिजियो के साथ रिकवरी शुरू करेंगे।
गौरतलब है कि इसी सप्ताह की शुरुआत में यानिक सिनर ने अल्काराज को पीछे छोड़कर विश्व नंबर एक रैंकिंग हासिल की थी। अगर अल्काराज बार्सिलोना ओपन जीत लेते, तो उनके पास फिर से नंबर एक बनने का मौका था।
उम्मीद जताई जा रही है कि वह १८ मई से शुरू होने वाले फ्रेंच ओपन तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे। वह लगातार तीसरी बार इस ग्रैंड स्लैम को जीतने की कोशिश करेंगे।
अल्काराज, मोंटे कार्लो मास्टर्स के फाइनल में सिनर से हारने के ४८ घंटे के भीतर ही बार्सिलोना में खेलने उतरे थे। उन्होंने २०२२ और २०२३ में बार्सिलोना ओपन का खिताब जीता था, जबकि २०२५ में फाइनल तक पहुंचे थे।

About Author

Advertisement