नई दिल्ली: भारतीय नौसेना का स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस त्रिकंद १० मार्च को मॉरीशस की राजधानी पोर्ट लुईस पहुंचा। यह तैनाती ऐसे समय में हुई है जब मालदीव और मॉरीशस के बीच चागोस द्वीपसमूह को लेकर तनाव बढ़ा हुआ है।
भारतीय नौसेना के अनुसार यह युद्धपोत दक्षिण-पश्चिम हिंद महासागर क्षेत्र में अपने ऑपरेशनल डिप्लॉयमेंट के दौरान मॉरीशस पहुंचा है।
नौसेना ने बताया कि पोर्ट कॉल के दौरान जहाज के कमांडिंग अधिकारी मॉरीशस सरकार और कोस्ट गार्ड के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। साथ ही यह युद्धपोत मॉरीशस के ५८वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में भी हिस्सा लेगा।
मॉरीशस हर साल १२ मार्च को राष्ट्रीय दिवस मनाता है। यह दिन १९६८ में ब्रिटेन से स्वतंत्रता और १९९२ में गणतंत्र बनने की याद में मनाया जाता है।
इस बीच चागोस द्वीपसमूह को लेकर मॉरीशस और मालदीव के बीच विवाद बढ़ गया है। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने समुद्री सीमा से जुड़े 2023 के अंतरराष्ट्रीय फैसले को मानने से इनकार किया है।








