सिलिगुड़ी: ‘नशा मुक्त सिलिगुड़ी’ अभियान के तहत माटीगाड़ा पुलिस ने विश्वास कॉलोनी इलाके में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। स्थानीय लोगों की मानें तो यह इलाका लंबे समय से ड्रग्स से जुड़ी गतिविधियों के कारण काफी प्रभावित रहा है।
लोकल लोगों का कहना है कि इस एरिया में कई जगहों पर खुलेआम नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री होती है। इसी को देखते हुए पुलिस ने ड्रग्स के इस काले धंधे को खत्म करने और इस लड़ाई में आम जनता की भागीदारी बढ़ाने के लिए यह अवेयरनेस ड्राइव शुरू की है।
इस प्रोग्राम के दौरान पुलिस ने एक समर्पित हेल्पलाइन नंबर— ८५९७९८८००२ जारी किया। इस नंबर के जरिए स्थानीय निवासी नशीले पदार्थों की बिक्री या सेवन से जुड़ी किसी भी घटना की रिपोर्ट पुलिस को कर सकते हैं।
पुलिस ने पूरा भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी और लोगों से बिना किसी डर या झिझक के जानकारी साझा करने की अपील की है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया है और कहा कि विश्वास कॉलोनी में ड्रग्स पर लगाम लगाने के लिए ऐसे अभियान की बहुत समय से जरूरत थी।
भाजपा बूथ अध्यक्ष विजय रावत जी ने कहा कि इस ड्रग्स के धंधे की वजह से इलाके की छवि खराब हो रही है और बच्चों तथा युवाओं पर इसका बहुत बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने ऐसी अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए तुरंत सख्त कार्रवाई करने की जरूरत पर जोर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल यह जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन चेतावनी भी दी कि बार-बार समझाने के बावजूद अगर ड्रग्स से जुड़ी गतिविधियां जारी रहीं, तो आने वाले दिनों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











