नई दिल्ली: अश्मिता चालीहा ने मलेशिया मास्टर्स सुपर ५०० बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जबकि इस प्रतियोगिता में अन्य सभी भारतीय खिलाड़ियों को हार का सामना करना पड़ा है। गुरुवार को खेले गए मुकाबले में अश्मिता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया की गोह जिन वेई को सीधे गेमों में २१-१३, २१-१६ से पराजित किया। अब क्वार्टर फाइनल में उनका सामना आठवीं वरीयता प्राप्त डेनमार्क की लाइन होजमार्क जाएर्सफेल्ट से होगा।
डेनमार्क की इसी खिलाड़ी जाएर्सफेल्ट ने भारत की मालविका बंसोड़ को करीब एक घंटे तक चले कड़े मुकाबले में २१-१६, ८-२१, १५-२१ से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। महिला एकल वर्ग के ही एक अन्य मैच में थाईलैंड मास्टर्स चैंपियन भारत की देविका सिहाग को शीर्ष वरीयता प्राप्त चीनी खिलाड़ी चेन युफेई ने २१-१६, २१-१३ से शिकस्त दी।
मिश्रित युगल (मिक्सड डबल्स) में भी भारत को निराशा हाथ लगी, जहां सात्विक कनापुरम और राधिका शर्मा की जोड़ी को अमेरिका के प्रेसले स्मिथ और जेनी गेइ की जोड़ी के खिलाफ १२-२१, २५-२७ से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, पुरुष युगल (मेंस डबल्स) में हरिहरन अम्साकारुनन और एमआर अर्जुन की जोड़ी को चीन के हू कि युआन और लिन शियांग की जोड़ी ने २१-१४, २१-१५ से पराजित किया। उल्लेखनीय है कि भारत के प्रमुख पुरुष खिलाड़ी लक्ष्य सेन और एचएस प्रणय बुधवार को ही अपने-अपने मैच हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो चुके थे।











