बीजिंग: मध्य-पूर्व में युद्ध की आहटों के बीच चीन ने शांति दूत की भूमिका निभाने की कोशिश तेज कर दी है। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ फोन पर चर्चा करते हुए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की सामान्य आवाजाही सुनिश्चित करने की अपील की है।
चीन की सरकारी एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, जिनपिंग ने जोर दिया कि क्षेत्र में स्थिरता लाने के लिए तत्काल युद्धविराम अनिवार्य है। चीन का मानना है कि इस संकट का समाधान युद्ध के मैदान में नहीं, बल्कि बातचीत की मेज पर राजनीतिक और कूटनीतिक माध्यमों से ही संभव है।
उल्लेखनीय है कि होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए ‘लाइफलाइन’ माना जाता है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण इस मार्ग पर पैदा हुई रुकावट वैश्विक अर्थव्यवस्था को हिला सकती है। ऐसे समय में चीन की यह कूटनीतिक सक्रियता अंतरराष्ट्रीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकती है।










