टोक्यो: जापान के उत्तरी क्षेत्र में सोमवार को ७.४ तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के झटकों ने भारी दहशत पैदा कर दी है। भूकंप के केंद्र के पास के तटीय इलाकों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। राष्ट्रीय प्रसारक एनएचके के अनुसार, इवाते प्रिफेक्चर और होक्काइदो में आपात स्थिति घोषित कर दी गई है।
जापानी अधिकारियों ने आगाह किया है कि समुद्र में ३ मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं, जो तटीय बस्तियों के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकती हैं। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से तुरंत सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की है।
सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि सुनामी की लहरें कई चरणों में आ सकती हैं और उनकी ऊंचाई अनुमान से अधिक भी हो सकती है। फिलहाल जान-माल के नुकसान की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन आपदा प्रबंधन टीमें पूरी तरह अलर्ट पर हैं और स्थिति की बारीकी से निगरानी की जा रही है।










