इम्फाल: मणिपुर में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन
प्री-पाक प्रो में नए युवाओं को भर्ती करने तथा बम विस्फोट की घटनाओं में शामिल होने के आरोप में सुरक्षा बलों ने सात कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक नाबालिग (कानून के साथ संघर्षरत बालक) भी शामिल है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा सोमवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, विशेष सूचना के आधार पर ‘इम्फाल वेस्ट’ की सीडीओ टीम ने रविवार को विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाकर उन्हें हिरासत में लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों पर संगठन में नए सदस्यों को भर्ती करने और अगस्त २०२६ में ‘कोन्थोजम’ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के विधायक के आवास पर हुए बम विस्फोट में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होने का गंभीर आरोप है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान १९ वर्षीय उशम राकेश सिंह (‘जेनरेश’/’थोउबा’), १९ वर्षीया युमनाम अथोइबी चानू, १९ वर्षीया आरके दयापति देवी (‘पिंकी’/’किचेनबी’), २३ वर्षीय अहोङ्शाङ्गबम जेट मैतेई (‘जैक’), १९ वर्षीय नाओरेम लान्थोइबा सिंह (‘साना’/’थोइचानबा’) और १९ वर्षीय आयेकपम स्टीफन मैतेई (‘एलेक्स’/’चेकचेपता’) के रूप में हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, युमनाम अथोइबी चानू और आरके दयापति देवी गत २८ अगस्त २०२६ को विधायक के आवास पर हुए बम विस्फोट में शामिल थीं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए एमएन-०१एजे-४९५७ नंबर के होंडा एक्टिवा स्कूटर को जब्त कर लिया और एक नाबालिग को प्रतिबंधित संगठन में शामिल होने से बचा लिया। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों और जब्त सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए ‘लेम्फेल’ पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।





