​मणिपुर: पुलिस की बड़ी कार्रवाई: उग्रवादियों और ड्रग तस्करों समेत ८ गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद

2e88f5a0-faaf-4680-9fd7-fe54705252d6

इम्फाल: मणिपुर पुलिस ने पिछले २४ घंटों के भीतर राज्य के विभिन्न हिस्सों में व्यापक अभियान चलाकर प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के कैडरों और ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को भारी मात्रा में आधुनिक हथियार और गोला-बारूद बरामद करने में भी सफलता मिली है।
​मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, इन अलग-अलग कार्रवाइयों में एक महिला सहित कुल ८ लोगों को दबोचा गया है।
​पुलिस ने थौबल जिले के लिलोङ सम्ब्रुखोङ से सुरैया उर्फ नाहा (३७), मोहम्मद तमीजुद्दीन (३३) और मोहम्मद शराफुद्दीन (३१) को ८० ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, एक अन्य कार्रवाई में इम्फाल पूर्वी जिले के मीनूथॉन्ग से मोहम्मद वाहिदुर रहमान (३५) को करीब १ किलोग्राम ब्राउन शुगर के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया।
​हथियार और उग्रवादी नेटवर्क पर चोट
सुरक्षा बलों ने पोरमपाट थाना क्षेत्र से उग्रवादी समूह ‘प्रेपाक (रेड आर्मी)’ के स्वघोषित सार्जेंट मेजर क्षेत्रीयमायुम फ्रेंड्सटन सिंह उर्फ नानाओ (४०) को गिरफ्तार किया है।
​इसके अतिरिक्त, गोवा पुलिस की मदद से दक्षिण गोवा से गिरफ्तार किए गए ‘आरपीएफ/पीएलए’ के सक्रिय सदस्य नोंथोइबाम इंगो (५१) से पूछताछ के बाद पुलिस ने थौबल जिले के चिंगडोपोक से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया। जब्त सामानों में दो इंसास राइफल, नौ इंसास मँगाजीन, दो ९ एमएम पिस्तौल और १६३ जिंदा कारतूस शामिल हैं।
​इसी तरह, जबरन वसूली में शामिल ‘सोरेपा’ उग्रवादी संगठन के दो सक्रिय सदस्यों युम्नाम थोइबा मेइतेई (५७) और युम्नाम जयराज सिंह (३६) को भी म्यांग इम्फाल क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

About Author

Advertisement