दुधे में बेली ब्रिज निर्माण के लिए सांसद राजू बिष्ट ने मुख्यमंत्री से की मांग
दार्जिलिंग: कल मध्यरात्रि हुई मूसलाधार बारिश के कारण दार्जिलिंग जिले के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन हुआ है और कई जगहों पर बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। स्थिति का जायजा लेने के लिए दार्जिलिंग के लोकसभा सदस्य (सांसद) राजू बिष्ट ने जिला मजिस्ट्रेट और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।
दौरे के दौरान सांसद बिष्ट ने विशेष रूप से दुधे का निरीक्षण किया, जहां राज्य राजमार्ग १२ (एसएज-१२) पर बालासन नदी के ऊपर बना अस्थायी ह्यूम पाइप पुल बह गया है। यह पुल बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि यह पूरी मिरीक घाटी को सिलीगुड़ी से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है और सामरिक रूप से संवेदनशील भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इसलिए यहां जल्द से जल्द आवागमन बहाल करना बेहद जरूरी है।
पिछली घटना का जिक्र करते हुए सांसद बिष्ट ने अपने फेसबुक पोस्ट में बताया कि ५ अक्टूबर २०२५ को यहां का मुख्य पुल बह गया था, जिसके बाद तृणमूल कांग्रेस सरकार ने इस अस्थायी ह्यूम पाइप पुल का निर्माण कराया था। लेकिन मानसून की शुरुआत में ही बीती रात हुई भारी बारिश ने इसे दोबारा बहा दिया। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि ऐसे अस्थायी ढांचे मानसून के दौरान बार-बार बह सकते हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। मानसून के आगे और तेज होने की संभावना को देखते हुए यहां एक टिकाऊ समाधान की तत्काल आवश्यकता है।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए सांसद बिष्ट ने पश्चिम बंगाल के माननीय मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से अनुरोध किया है कि वे दुधे में जल्द से जल्द सामान्य यातायात बहाल करने के लिए सेना और/या बीआरओ को शामिल कर एक बेली ब्रिज का निर्माण करवाएं।
इसके साथ ही, उन्होंने दार्जिलिंग पहाड़ियों, तराई और डुआर्स क्षेत्र में किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त जेसीबी, बुलडोजर, आवश्यक कर्मियों की आपूर्ति और एसडीआरएफ/एनडीआरएफ की टीमों को तैनात करने की भी मांग की है।
फिलहाल, जिला प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा और सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए भारी और यात्री वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की है। सांसद बिष्ट ने कहा, “राज्य की भाजपा सरकार के लिए हमारे क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा और भलाई हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और हम चौबीसों घंटे स्थिति पर नजर बनाए रखेंगे।”











