नई दिल्ली: उबेर कप में भारत को १६ बार की चैंपियन टीम चीन के खिलाफ ०-५ से करारी हार का सामना करना पड़ा, जिसके साथ ही इस प्रतिष्ठित बैडमिंटन टूर्नामेंट से भारत का सफर समाप्त हो गया। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु सुनहरे मौके का फायदा नहीं उठा सकीं, वहीं अन्य खिलाड़ी भी महत्वपूर्ण क्षणों में अच्छा प्रदर्शन करने में विफल रहीं। भारतीय महिला टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत मेजबान डेनमार्क के खिलाफ २-३ की हार के साथ की थी, लेकिन यूक्रेन के खिलाफ ४-१ की जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें जीवित रखी थीं।
सिंधु ने भारत के लिए शुरुआत की और निर्णायक सेट में वे १८-१२ से आगे थीं, लेकिन अंत में उन्हें विश्व की दूसरे नंबर की खिलाड़ी वांग झियी के खिलाफ १६-२१, २१-१९, १९-२१ से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद, प्रिया कोंजेंगबम और श्रुति मिश्रा की जोड़ी पहले युगल मैच में लियू शेंग शू और टेन निंग की विश्व नंबर-१ जोड़ी से ११-२१, ८-२१ से हार गई।
ईशारानी बरुआ ने टोक्यो ओलंपिक चैंपियन चेन युफेई के सामने कड़ी चुनौती पेश की, लेकिन ४४ मिनट तक चले मैच में वह २२-२०, २१-१३ से पराजित हो गईं। दूसरे युगल में त्रिसा जॉली और कविप्रिया सेल्वम की जोड़ी ने ५९ मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में लूओ जू मिन और झांग शू जियान के खिलाफ १०-२१, २१-१२, १९-२१ से संघर्षपूर्ण हार झेली। अंत में, विश्व रैंकिंग में ४३वें नंबर की देविका सिहाग ने अच्छी शुरुआत के बावजूद तीसरे एकल मैच में विश्व की ९७वें नंबर की खिलाड़ी जू वेन जिंग से २१-१९, १७-२१, १०-२१ से मैच गंवा दिया।
अब भारत की नजरें पुरुष टीम पर टिकी हैं, जो थॉमस कप के ग्रुप-ए में अपने अंतिम मुकाबले में चीन का सामना करेगी।










