दार्जिलिंग: दार्जिलिंग के लेबोंग स्थित गोरखा स्टेडियम रविवार को एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना। आर्या टी कंपनी लिमिटेड के आयोजन और दार्जिलिंग गोरखा हिल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर काफू ने अपने चमत्कारी खेल और उत्साहजनक शब्दों से सभी का दिल जीत लिया। उन्होंने ब्राजील के लिए ४ विश्व कप में हिस्सा लिया, जिसमें दो बार टीम चैंपियन बनी थी। इसमें उन्होंने लगातार तीन बार (१९९४, १९९८ और २००२) विश्व कप फाइनल खेलकर इतिहास रचा था। उन्हीं की कप्तानी में ब्राजील ने २००२ में विश्व कप का खिताब जीता था। काफू ने रविवार को प्रदर्शनी मैच में न केवल हिस्सा लिया, बल्कि एक गोल और एक असिस्ट भी किया। कार्यक्रम में दो नए क्लबों—दार्जिलिंग वॉरियर्स और नॉर्थ बंगाल फाइटर्स की भी औपचारिक शुरुआत की गई। काफू ने स्वयं इन दोनों क्लबों की जर्सी का अनावरण किया। जर्सी अनावरण के बाद दार्जिलिंग वॉरियर्स और नॉर्थ बंगाल फाइटर्स के बीच प्रदर्शनी मैच खेला गया, जिसमें काफू ने दोनों टीमों की ओर से एक-एक हाफ खेला। स्टेडियम में भारी संख्या में उपस्थित खेल प्रेमियों ने बड़े जोश के साथ काफू का स्वागत किया। ब्राजील के दिग्गज ने भी खुले दिल से सभी का अभिवादन स्वीकार करते हुए प्रशंसकों को ऑटोग्राफ दिए। काफू ने अपने संक्षिप्त संबोधन में दार्जिलिंग और लेबोंग स्टेडियम की प्राकृतिक सुंदरता की प्रशंसा करते हुए युवाओं को फुटबॉल खेलने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने शिक्षा, खेलकूद और परिवार को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। आर्या टी एस्टेट के निदेशक बिराज बंसल ने कार्यक्रम में उपस्थित रहकर युवा खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए काफू के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम में मंत्रियों शंकर घोष (पर्यटन मंत्रालय), डॉ. इंद्रनील खान (युवा मामले एवं खेलकूद विभाग), विशाल लामा (पर्वतीय मामले) के साथ-साथ पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉलर अरिंदम भट्टाचार्य, खरसांग के विधायक सोनम लामा और आईजीजेएफ अध्यक्ष अजय एडवर्ड्स सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। उल्लेखनीय है कि आर्या टी कंपनी लिमिटेड ने सिद्रा हिल्स स्पोर्ट्स एंड वेलनेस रिसॉर्ट की महत्वाकांक्षी परियोजना शुरू की है। यह देश का पहला स्पोर्ट्स एंड वेलनेस रिसॉर्ट होगा। आर्या टी एस्टेट के निदेशक बिराज बंसल के अनुसार, लगभग ४० एकड़ क्षेत्रफल में इस रिसॉर्ट का निर्माण होगा। परियोजना की अनुमानित लागत २१५ करोड़ रुपये होगी, जिसमें १०० से अधिक लग्जरी कमरे और विला होंगे। परियोजना के २०३१ तक पूरा होने की संभावना है।





