सोशल मीडिया पर लिखा: मुझे आप पर गर्व है
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज और महान स्पिनर अनिल कुंबले के घर इस समय जश्न और गर्व का माहौल है। विश्व क्रिकेट में ‘जंबो’ के नाम से मशहूर अनिल कुंबले के बेटे मयास कुंबले ने इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल कर ली है। इस ऐतिहासिक और खास मौके पर अनिल कुंबले और उनकी पत्नी चेतना कुंबले सोशल मीडिया पर बेहद भावुक नजर आए। चेतना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बेटे की इस बड़ी कामयाबी और उसके बचपन के संघर्षों को याद करते हुए एक बेहद लंबा और भावुक कर देने वाला पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने अनिल कुंबले को भी टैग किया है।
अपनी पोस्ट में चेतना ने मयास के बचपन के दिनों को याद करते हुए लिखा कि जब वह बमुश्किल तीन साल का था, तभी से उसके मन में इस बात को लेकर कभी कोई संदेह नहीं था कि वह बड़ा होकर क्या बनना चाहता है। वह उसी दृढ़ता के साथ कहता था कि मैं इंजीनियर बनूंगा। वह अपने छोटे-छोटे हाथों में एक नन्हा सा पाना उठाकर पूरे आत्मविश्वास से घोषणा करता था कि एक दिन वह एक नया स्कूटर बनाएगा। जब मयास सात साल का हुआ, तो उसके सपने और बड़े हो गए और वह कारें डिजाइन करना चाहता था तथा गर्व से कहता था कि वह उनका नाम ‘MAK’ रखेगा। चेतना ने आगे लिखा कि माता-पिता होने के नाते वे बचपन के इन सपनों पर मुस्कुराते थे, लेकिन आज उसे एक इंजीनियर के रूप में ग्रेजुएट होते देख उन्हें एक बेहद खूबसूरत बात का अहसास हो रहा है कि कभी-कभी बच्चे दुनिया के जानने से बहुत पहले ही यह जानते हैं कि वे वास्तव में कौन हैं। उन्होंने मयास की कड़ी मेहनत और रातों की नींद उड़ने वाले दिनों का जिक्र करते हुए कहा कि उस छोटे लड़के ने अपना वादा निभाया, जिससे उनका दिल गर्व और कृतज्ञता से भर गया है।
दिलचस्प बात यह है कि भारत के लिए ९५७ (957) अंतर्राष्ट्रीय विकेट लेने वाले महान अनिल कुंबले खुद भी क्रिकेट में आने से पहले एक मैकेनिकल इंजीनियर रह चुके हैं। ऐसे में अपने बेटे को भी अपने ही नक्शेकदम पर चलते हुए इंजीनियर बनते देखना उनके लिए एक पिता के तौर पर बेहद अनूठा और गौरवशाली पल है। बेटे की इस शानदार सफलता पर अनिल कुंबले ने सोशल मीडिया पर भले ही कोई लंबा-चौड़ा पोस्ट नहीं लिखा, लेकिन उन्होंने मयास के लिए एक बेहद सुंदर और आत्मीय संदेश दिया। कुंबले ने अपने इंजीनियर बेटे को बधाई देते हुए लिखा कि मुझे तुम पर गर्व है, मेरे बेटे, तुम पिता के नक्शेकदम पर चल रहे हो, तुम्हें बहुत-बहुत बधाई, अब इसे पूरी तरह अपना बना लो। सोशल मीडिया पर कुंबले परिवार की यह तस्वीरें और उनका यह भावुक संदेश क्रिकेट प्रशंसकों के बीच काफी तेजी से वायरल हो रहा है।










