बुमराह के समर्थन में उतरे पोलार्ड: कहा: आलोचकों को धैर्य रखने की जरूरत

IMG-20260430-WA0095

मुंबई: आईपीएल २०२६ में मुंबई इंडियंस के खराब प्रदर्शन और प्रमुख गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की फॉर्म को लेकर उठ रहे सवालों के बीच टीम के बल्लेबाजी कोच कायरन पोलार्ड उनके बचाव में आए हैं। जारी सीजन के ८ मैचों में बुमराह ने केवल २ विकेट चटकाए हैं, जिसके बाद उनकी गेंदबाजी पर सवालिया निशान खड़े होने लगे हैं।
​बुधवार को खेले गए मैच में मुंबई इंडियंस ने २४३ रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने के बावजूद हार का सामना किया। इस मुकाबले में बुमराह काफी महंगे साबित हुए और उन्होंने बिना कोई विकेट लिए 54 रन लुटाए। इस प्रदर्शन के बाद हो रही आलोचनाओं पर पोलार्ड ने कहा कि बुमराह जैसे खिलाड़ी हमेशा लोगों की नजरों में रहते हैं और जब टीम हारती है, तो ऐसे सवाल उठना स्वाभाविक है।
​पोलार्ड ने बुमराह की क्षमता पर भरोसा जताते हुए कहा, “मैं इस खिलाड़ी को बहुत अच्छी तरह से जानता हूं। वह जल्द ही दमदार वापसी करेंगे और विकेट चटकाएंगे। तब हम एक बार फिर ‘बुमराह-बुमराह’ के नारे लगाएंगे। यह वापसी न केवल मुंबई इंडियंस के लिए, बल्कि भारतीय क्रिकेट के लिए भी महत्वपूर्ण होगी।”
​मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन अब तक बेहद निराशाजनक रहा है। टीम 8 में से केवल २ मैच जीतकर अंक तालिका में नौवें स्थान पर खिसक गई है। पोलार्ड ने टीम की कमजोरियों को स्वीकार करते हुए कहा कि टीम सामूहिक रूप से अच्छा प्रदर्शन करने में विफल रही है और निरंतरता की कमी दिखी है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि टीम ने अभी हार नहीं मानी है और वापसी की राह तलाश रही है।

About Author

Advertisement