बीसीसीआई द्वारा घरेलू सीजन के कार्यक्रम की घोषणा

IMG-20260521-WA0059

मुंबई: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने घरेलू क्रिकेट सीजन २०२६-२७ के कार्यक्रमों की घोषणा कर दी है। आगामी घरेलू सीजन में पुरुष और महिला वर्ग के विभिन्न आयु समूहों और प्रारूपों (फॉर्मेट) में कुल १,७७८ मैच खेले जाएंगे। इस सीजन की शुरुआत २३ अगस्त से प्रतिष्ठित दलीप ट्रॉफी के साथ होगी। बीसीसीआई के अनुसार, घरेलू ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने, खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धी माहौल देने तथा सभी प्रारूपों में संतुलित प्रगति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस सीजन का कैलेंडर तैयार किया गया है।
​घरेलू क्रिकेट के रेड बॉल (लाल गेंद) सीजन की शुरुआत दलीप ट्रॉफी के साथ होगी, जिसमें 6 क्षेत्रीय टीमें हिस्सा लेंगी। इसके बाद १ अक्टूबर से ईरानी कप का आयोजन किया जाएगा। ईरानी कप के बाद रणजी ट्रॉफी और कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी को दो चरणों में आयोजित किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को पर्याप्त आराम मिलेगा और घरेलू क्रिकेट में मल्टी-डे (बहु-दिवसीय) क्रिकेट को प्राथमिकता दी जा सकेगी। रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप में ३२ टीमें होंगी, जिन्हें ४ ग्रुप में बांटा जाएगा। वहीं, प्लेट ग्रुप में ६ टीमें हिस्सा लेंगी। सीके नायडू ट्रॉफी के विजेता और रेस्ट ऑफ इंडिया टीम के बीच भी एक मैच खेला जाएगा। यह मैच १ से ४ अक्टूबर तक होगा।
​इसके अलावा, अंडर-२३ टूर्नामेंट अब टी२० प्रारूप में आयोजित किया जाएगा। आधुनिक क्रिकेट की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने यह बड़ा बदलाव किया है।

About Author

Advertisement