बिना हिजाब लाइव परफॉर्मेंस के लिए ईरानी गायिका परस्तू अहमदी को मारे गए ७४ कोड़े

IMG_03d07def-522f-4256-97d1-a4b18f8a4bad

​तेहरान: ईरान में बिना हिजाब पहने गाना गाने के लिए गायिका परस्तू अहमदी को ७४ कोड़े मारे गए। उन्हें सार्वजनिक रूप से शालीनता के अपमान का दोषी ठहराया गया था। अहमदी के साथ ही उनकी म्यूजिक टीम को भी सजा दी गई। गायिका के वकील मुस्तफा नीली ने इस सजा को दिए जाने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि इसे सोमवार को ईरान के कोम शहर में अंजाम दिया गया।
​नीली ने बताया कि अहमदी की कॉन्सर्ट टीम के चार सदस्यों को भी ७४–७४ कोड़े मारे गए। जिन लोगों को सजा मिली, उनमें गायिका परस्तू अहमदी, कॉन्सर्ट आयोजक मोहसिन लश्कारी, संगीतकार सोहेल फकीह–नासिरी, अमीन ताहिरी और अमीर–अली पिरनिया शामिल हैं। कोम की एक अदालत ने इसी साल जून में इन पांचों को सजा सुनाई थी। उन्हें ऑनलाइन अश्लील और अनैतिक सामग्री बनाने और प्रकाशित करने का दोषी ठहराया गया था।
​यह मामला एक ऑनलाइन वीडियो से जुड़ा है, जिसमें अहमदी पुरुष संगीतकारों के साथ परफॉर्म करती नजर आ रही थीं। इस दौरान उन्होंने ईरान में महिलाओं के लिए अनिवार्य हिजाब नहीं पहना था। परस्तू ने स्लीवलेस और ऑफ शोल्डर ड्रेस पहनी थी और बाल खुले हुए थे। यह वीडियो दिसंबर २०२४ में यूट्यूब पर पोस्ट किया गया था। इसे कोम शहर के पास स्थित ऐतिहासिक देर–ए गचिन कारवांसराय में शूट किया गया था। कारवांसराय फारसी शब्द है, जिसका मतलब यात्रियों और व्यापारियों के रुकने के लिए बनी जगह होता है। कोम को शिया मुसलमान पवित्र शहर मानते हैं और इसे धार्मिक रूढ़िवादिता का गढ़ माना जाता है।
​ईरान के कानून के तहत महिलाओं के सार्वजनिक परफॉर्मेंस पर रोक है। इसके साथ ही उन्हें हिजाब और शालीन कपड़े पहनना अनिवार्य है। वीडियो रिलीज किए जाने के कुछ ही समय बाद अहमदी और उनकी कॉन्सर्ट टीम के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसे एक “अवैध कॉन्सर्ट” कहा गया जो देश के “कानूनी और धार्मिक मानकों” के खिलाफ था।
​कोम की एक अदालत ने जून में अहमदी और उनके साथियों को ७४ कोड़ों की सजा सुनाई। कोड़े मारे जाने के साथ ही इन सभी पर २ साल तक किसी तरह की ऑडियो–विजुअल म्यूजिक गतिविधियों में हिस्सा लेने और देश से बाहर जाने पर भी रोक लगाई गई है। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने इन सजाओं की कड़ी निंदा की है और कोड़े मारने को क्रूर, अमानवीय और अपमानजनक सजा बताया है। अहमदी के वकील ने सजा के खिलाफ अदालत में अपील की थी जिसे सितंबर में खारिज कर दिया गया। वकील नीली ने कहा कि उन्होंने फैसले को पलटने या सजा पर रोक लगवाने के लिए अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लेकिन कुछ काम नहीं आया।
​ईरान में साल २०२२ में अनिवार्य हिजाब के नियम के खिलाफ पूरे देश में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे। इन प्रदर्शनों की शुरुआत २२ वर्षीय कुर्द युवती महसा अमीनी की हिरासत में मौत के बाद हुई थी। अमीनी को ड्रेस कोड का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, जिसके खिलाफ महिलाएं सड़कों पर उतर आई थीं। देशव्यापी प्रदर्शनों के दौरान महिलाओं ने अपने हिजाब उतारकर जला दिए या उन्हें हवा में लहराया। इसके बाद से तेहरान और ईरान के दूसरे शहरों में महिलाओं ने हिजाब को उतारकर अपना विरोध जताया है और कई महिलाओं व लड़कियों ने ड्रेस कोड का उल्लंघन करते हुए सार्वजनिक जगहों पर अपने बालों को ढकना बंद कर दिया है।

About Author

Advertisement