नई दिल्ली: फुटबॉल जगत में क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेस्सी के बीच सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी की बहस लंबे समय से जारी है। इस बार प्रशंसकों की वोटिंग में रोनाल्डो ने मेस्सी को पीछे छोड़कर बालोन डी’ओर ऑफ ऑल टाइम (बीओएटी)-का खिताब अपने नाम किया है। इस वोटिंग में पुर्तगाल के दिग्गज खिलाड़ी के २००८ सीजन के बालोन डी’ओर को इतिहास में किसी विजेता का सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन चुना गया है। इस तरह मेस्सी का २०१२-का ऐतिहासिक सीजन दूसरे स्थान पर रहा। बालोन डी’ओर संगठन ने २०२६-के गोल्डन बॉल पुरस्कार के नतीजे सामने आने के कुछ दिनों बाद इस वोटिंग का परिणाम जारी किया। इंग्लैंड और बायरन म्यूनिख के स्टार फॉरवर्ड हैरी केन ने २०२६-के गोल्डन बॉल पुरस्कार जीता था जबकि बीओएटी-का फैसला प्रशंसकों की वोटिंग के आधार पर किया गया।
रोनाल्डो का मैनचेस्टर यूनाइटेड के साथ २००७-०८ सीजन यादगार रहा था। पूरे सीजन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ रोनाल्डो ने अपने और टीम के स्तर को अलग ऊंचाई पर पहुंचाया था। उनकी विध्वंसक लय के कारण ही मैनचेस्टर यूनाइटेड ने उस सीजन में इंग्लिश प्रीमियर लीग और चैंपियंस लीग दोनों का खिताब जीता था। रोनाल्डो ने पूरे सीजन में क्लब के लिए ४९ मैच खेलकर ४२ गोल किए थे। इसके साथ ही ९ असिस्ट भी शामिल हैं। इसमें उन्होंने प्रीमियर लीग में ३१ और चैंपियंस लीग में ८ गोल किए थे। उस अवधि उन्होंने ढेरों व्यक्तिगत पुरस्कार भी जीते थे। प्रीमियर लीग का गोल्डन बूट विजेता बनने के साथ ही रोनाल्डो चैंपियंस लीग में भी सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी रहे थे। इसके अलावा उन्होंने यूरोपियन गोल्डन शू भी जीता था। रोनाल्डो को प्रीमियर लीग प्लेयर ऑफ द सीजन, पीएफए प्लेयर्स प्लेयर ऑफ द ईयर, एफडब्ल्यूए फुटबॉलर ऑफ द ईयर, यूएएफए क्लब फुटबॉलर ऑफ द ईयर और फीफा वर्ल्ड प्लेयर ऑफ द ईयर जैसे सम्मान भी हासिल हुए थे। इस तरह २००८ उनके करियर का सबसे यादगार साल रहा था।
बालोन डी’ओर ऑफ ऑल टाइम (बीओएटी)-की अंतिम रैंकिंग में रोनाल्डो और मेस्सी का वर्चस्व रहा। शीर्ष १०-में इन दोनों के अलावा अन्य किसी ने स्थान नहीं पाया। रोनाल्डो के ५ सीजन ने सूची में स्थान बनाया। इसमें २००८, २०१७, २०१६, २०१४ और २०१३ शामिल हैं। इस तरह मेस्सी के २०१२, २०२३, २०१५, २०११ और २००९ सीजन शीर्ष १०-में शामिल रहे। मेस्सी ने किसी भी खिलाड़ी से अधिक (८ बार) बालोन डी’ओर खिताब जीते हैं लेकिन इस खास वोटिंग में रोनाल्डो का २००८-का प्रदर्शन सबसे आगे रहा। बालोन डी’ओर-की ७०वीं वर्षगांठ पर शुरू की गई इस विशेष पहल में केवल उन्हीं खिलाड़ियों के सीजन को शामिल किया गया, जिन्होंने कम से कम २ बार इस पुरस्कार को जीता है। इसे सुपर बालोन डी’ओर-से भी अलग रखा गया।





