जलढाका: परेंग गैरीगांव स्पोर्टिंग एंड सोशल क्लब के तत्वावधान में आयोजित इंटर-विलेज नॉकआउट फुटबॉल टूर्नामेंट २०२६ रोमांचक मैचों, उत्साहजनक भागीदारी और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता में जूनियर बॉयज, वेटरंस और सीनियर – इन तीन वर्गों में फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। जूनियर बॉयज के फाइनल में बेलायर्स अकादमी ने स्प्रिंग डेल अकादमी को हराकर खिताब जीता। वहीं वेटरंस वर्ग में जलढाका रनर्स क्लब को पराजित कर रोंगोंग वेटरंस क्लब चैंपियन बना।
प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण सीनियर वर्ग का फाइनल मैच रहा, जिसमें परेंग गैरीगांव स्पोर्टिंग क्लब ने यूनाइटेड सोल गोदक को पेनाल्टी शूटआउट में हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। निर्धारित समय का खेल १–१ गोल की बराबरी पर समाप्त हुआ था। परेंग गैरीगांव स्पोर्टिंग क्लब ने इससे पहले २०१४ में फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन खिताब नहीं जीत सका था। इस बार १२ साल के लंबे इंतजार के बाद क्लब ने यह ऐतिहासिक जीत हासिल की। लंबे समय की प्रतीक्षा, निरंतर कड़ी मेहनत और संघर्ष के बाद मिली इस सफलता से क्लब के खिलाड़ियों, पदाधिकारियों और समर्थकों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल है।
कार्यक्रम में ४५ नंबर समष्टि के सभासद लाकपा नामगेल भूटिया, एसएसबी परेंग आउटपोस्ट के इंचार्ज मन्ना मजुमदार, रोंगोंग–जलढाका मंडल के नारद शर्मा, जलढाका थाना ओसी मधुरन तामांग, रोंगोंग–जलढाका महिला मंडल की निर्मला शर्मा और पंचायत प्रधान गोविंद गुरुंग सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।









