कोलकाता: देश के सबसे विश्वसनीय जूता ब्रांडों में से एक बाटा इंडिया ने कोलकाता के ग्रैंड होटल में स्थित अपने ऐतिहासिक स्टोर के नए रूप का उद्घाटन किया है। कंपनी की खुदरा व्यापार यात्रा में इसे एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है और शहर के साथ उसके लंबे संबंध को भी इससे और मजबूती मिली है।
‘०००१ ग्रैंड होटल’ नाम से प्रसिद्ध यह स्टोर भारत में बाटा का पहला खुदरा बिक्री केंद्र है और देश के शीर्ष तीन स्टोरों में शामिल है। ९० वर्ष से अधिक पुराने इस स्टोर के साथ ब्रांड की विशेष भावनाएँ जुड़ी हुई हैं। अब इस स्टोर को आधुनिक और प्रीमियम शैली में सजाया गया है, जहाँ ग्राहक बेहतर खरीदारी अनुभव के साथ परंपरा और आधुनिकता का अनूठा संगम देख सकेंगे। कोलकाता और बाटानगर हमेशा से बाटा इंडिया की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं।
ग्रैंड होटल स्टोर का यह नया रूप उसी समृद्ध विरासत को आधुनिक और आकर्षक खुदरा अनुभव में बदलने का प्रयास है। कंपनी के पूर्वी भारत के व्यापार में कोलकाता की हिस्सेदारी लगभग ५० प्रतिशत है, जबकि राष्ट्रीय व्यापार में इसका योगदान करीब ६ प्रतिशत है। यह परिवर्तन कंपनी की भविष्य की सोच को भी दर्शाता है। नए स्टोर में प्रीमियम उत्पादों के लिए अलग विभाग और उन्नत प्रदर्शन व्यवस्था की सुविधा दी गई है।
वर्तमान में इस स्टोर का वार्षिक कारोबार लगभग ९ करोड़ रुपये है और अगले एक वर्ष में इसके १० से ११ करोड़ रुपये तक पहुँचने की उम्मीद जताई गई है। इस विशेष अवसर पर लोकप्रिय अभिनेत्री ऋताभरी चक्रवर्ती भी उपस्थित थीं। उनकी मौजूदगी से कार्यक्रम का माहौल उत्सवमय हो गया। बाटा इंडिया के अनुसार, क्षेत्र में ऋताभरी की लोकप्रियता और लोगों के साथ उनका गहरा जुड़ाव उन्हें इस बाज़ार के लिए ब्रांड का स्वाभाविक चेहरा बनाता है।
इस अवसर पर गुंजन शाह ने कहा, “ग्राहकों की अपेक्षाएँ तेज़ी से बदल रही हैं और इसी को ध्यान में रखते हुए हम अपने खुदरा नेटवर्क को नए रूप में विकसित कर रहे हैं। ग्रैंड होटल स्टोर का यह परिवर्तन हमारी व्यापक रणनीति का हिस्सा है, जिसके माध्यम से हम प्रीमियम स्टोर वातावरण, बेहतर स्टोर अनुभव और ग्राहकों के साथ अधिक गहरा संबंध बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। कोलकाता हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बाज़ार है और बाटानगर हमारी क्षेत्रीय विरासत का सशक्त प्रतीक है।
यह परिवर्तन उन बाज़ारों में निवेश के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिन्होंने हमारी पहचान बनाने में बड़ी भूमिका निभाई है। अगले एक वर्ष में बाटा इंडिया पूर्वी भारत में २५ से ३० नए स्टोर खोलेगी। इनमें कंपनी संचालित और फ्रेंचाइज़ी— दोनों प्रकार के मॉडल शामिल होंगे। पश्चिम बंगाल, उभरते बाज़ारों और पहाड़ी क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।” बाटा इंडिया के मुख्य रणनीति अधिकारी और मुख्य व्यवसाय विकास अधिकारी बद्री बेरिवाल ने कहा, “पूर्वी भारत हमारे सबसे महत्वपूर्ण विकास क्षेत्रों में से एक है और इस रणनीति के केंद्र में कोलकाता है।
ग्रैंड होटल स्टोर का नया रूप यह दर्शाता है कि हम बड़े और महत्वपूर्ण बाज़ारों में खुदरा अनुभव को नई ऊँचाइयों तक ले जाना चाहते हैं। यह मॉडल हमारे भविष्य के खुदरा विस्तार का महत्वपूर्ण हिस्सा बनेगा।” स्टोर के इस परिवर्तन में बाटा इंडिया की ‘ग्राहक प्रथम’ आपूर्ति व्यवस्था पहल की भी बड़ी भूमिका रही है। इसका उद्देश्य सभी स्टोरों में उत्पादों और विभिन्न आकारों के जूतों की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा तेज़ पुनः आपूर्ति बनाए रखना है। इस संदर्भ में अंजन कुण्डु ने कहा, “हम मानते हैं कि ग्राहकों को बेहतर स्टोर अनुभव देने के लिए मजबूत आपूर्ति व्यवस्था बेहद आवश्यक है।
‘ग्राहक प्रथम’ पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बाटा स्टोर में आने वाला प्रत्येक ग्राहक हर बार अपनी पसंद का उत्पाद प्राप्त करे। इस स्तर और महत्व वाले स्टोर के लिए यह प्रतिबद्धता अत्यंत आवश्यक है।” क्षेत्र के साथ संबंधों को और मजबूत करने के लिए बाटा इंडिया ने घोषणा की है कि उनका दुर्गापूजा २०२६ विशेष संग्रह सबसे पहले कोलकाता में ही प्रस्तुत किया जाएगा। इसके लिए अग्रिम उत्पाद भंडारण की तैयारी की जाएगी और स्थानीय ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रचार अभियान भी चलाया जाएगा, जिसमें किसी प्रमुख क्षेत्रीय व्यक्तित्व को जोड़ा जाएगा।









