बड़ा उलटफेर करते हुए आयुष शेट्टी विश्व चैंपियनशिप के दूसरे दौर में

IMG-20260818-WA0081

​नई दिल्ली: भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के पहले दिन पुरुष एकल में बड़ा उलटफेर किया। आयुष ने विश्व के नंबर १ खिलाड़ी चीन के शी यू की के खिलाफ यादगार जीत दर्ज की। २१ वर्षीय आयुष ने चीन के शीर्ष खिलाड़ी को २१-१४, १३-२१, २१-१९ से पराजित कर पुरुष एकल के दूसरे दौर में प्रवेश किया। यह उनके करियर की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। अप्रैल में एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने के क्रम में भी उन्होंने ली शी फेंग, जोनाथन क्रिस्टी और कुनलावुत वितिदसर्न जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को पराजित किया था। इस साल यूएस ओपन सुपर ३०० का खिताब जीतने वाले आयुष ने घरेलू दर्शकों के समर्थन के बीच मैच की शुरुआत से ही आक्रामक रुख दिखाया और पहले गेम में जल्दी ही ११-५ की बढ़त हासिल कर ली। इस दौरान चीन के खिलाड़ी ने कई बार गलतियां भी कीं। वे कभी शटल को नेट में उलझा रहे थे तो कभी कोर्ट के बाहर भेज रहे थे। इसका पूरा फायदा उठाते हुए आयुष ने पहला गेम २१-१४ से जीत लिया। दूसरे गेम में शी यू की ने अपने अनुभव के साथ वापसी की। उन्होंने लंबी रैलियों के माध्यम से आयुष को थकाने की रणनीति अपनाई। भारतीय खिलाड़ी के कुछ गलतियां करने पर चीन के शटलर ने २१-१३ से दूसरा गेम जीतकर मैच को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया। आयुष ने निर्णायक गेम में संयम के साथ रणनीति पर ध्यान दिया। उन्होंने जोखिम भरे शॉट खेलने के बजाय शटल को कोर्ट के भीतर रखने पर ध्यान दिया और शी यू की को गलतियां करने पर मजबूर किया। आयुष ने निर्णायक गेम में पहले ११-५ की बढ़त हासिल की और जल्दी ही उसे १५-५ तक पहुंचा दिया। उस समय लग रहा था कि भारतीय खिलाड़ी आसानी से जीत हासिल कर लेंगे, लेकिन चीन के खिलाड़ी ने भी असाधारण वापसी करके खेल को रोमांचक बना दिया। शी यू की ने जल्दी ही अंतर घटाकर २०-१५ कर दिया। मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका था, लेकिन आयुष ने धैर्य नहीं खोया और अगला पॉइंट जीतकर दूसरे दौर में जगह बना ली। इससे पहले महिला एकल में २ बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने भी दूसरे दौर में जगह बनाई। सिंधु ने आयरलैंड की सोफिया नोबल के खिलाफ २१-७, २१-११ से आसान जीत हासिल की।

About Author

Advertisement