बंधन बैंक ने व्यावसायिक ग्राहकों के लिए एकीकृत भविष्य निधि भुगतान सेवा की शुरू

97bbb4d9-03c0-49b9-87f6-295d8bea4d06

काेलकाता: ​निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित बंधन बैंक ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के साथ समन्वय कर भविष्य निधि (पीएफ) भुगतान सेवा शुरू करने की घोषणा की है। बैंक ने अपने डिजिटल बैंकिंग चैनलों के माध्यम से व्यावसायिक ग्राहकों को पीएफ भुगतान प्रक्रिया और अधिक आसान तथा त्वरित बनाने के उद्देश्य से यह नई सेवा संचालन में लाई है। इस पहल के माध्यम से बैंक वैधानिक भुगतान प्रक्रियाओं को सरल बनाने के साथ-साथ व्यवसायों के लिए परिचालन क्षमता, सुविधा और नियमों का अनुपालन बेहतर बनाना चाहता है।
​यह नई व्यवस्था लागू होने के बाद विभिन्न व्यावसायिक संस्थान तथा संगठन ईपीएफओ पोर्टल के माध्यम से भविष्य निधि का भुगतान शुरू कर बंधन बैंक के इंटरनेट बैंकिंग प्लेटफॉर्म के जरिए सुरक्षित रूप से हस्तांतरण पूरा कर सकते हैं। इस सेवा के तहत रकम हस्तान्तरण की फौरन पुष्टि और तुरंत चालान डाउनलोड करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे समय की बचत सुनिश्चित होने के साथ ही व्यावसायिक कामकाज में भी कार्यकुशलता आएगी। व्यवसायों की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई यह सेवा विभिन्न संगठनों को ईपीएफओ की जरूरतों का समय पर अनुपालन सुनिश्चित करने और नकदी प्रवाह को बेहतर बनाने में बड़ी मदद पहुंचाएगी।
​इस नई सेवा के शुभारंभ पर टिप्पणी करते हुए बंधन बैंक के कार्यकारी निदेशक और मुख्य व्यवसाय अधिकारी राजिंदर कुमार बब्बर ने कहा कि बैंक हमेशा से व्यवसायों के लिए रोजमर्रा की बैंकिंग के अनुभव को और बेहतर बनाने वाले समाधानों पर ध्यान केंद्रित करता रहा है। उन्होंने ईपीएफओ के साथ इस एकीकरण को बैंक के डिजिटल हस्तांतरण परितंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक उल्लेखनीय कदम बताया और दावा किया कि इससे ग्राहकों को अधिक सुविधा मिलेगी। बैंक टेक्नोलॉजी आधारित क्षमताओं में निरंतर निवेश कर रहा है और इस सेवा के शुरू होने से बंधन बैंक की डिजिटल हस्तांतरण की श्रृंखला और मजबूत हुई है।

About Author

Advertisement