बंगाल में बदलाव तय है: दिलीप घोष

IMG-20260423-WA0044(1)

खड़गपुर: पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान जारी है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने अपने क्षेत्र में मतदान किया।
मतदान के बाद मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा, “खड़गपुर में लोग सुबह से ही मतदान के लिए कतार में हैं। लोग शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि राज्य के अन्य हिस्सों में भी पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है और कहीं से किसी तरह की अशांति की सूचना नहीं है। उनके अनुसार, निर्वाचन आयोग अच्छा काम कर रहा है और पूरे राज्य में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
दिलीप घोष ने कहा, “बंगाल में इस बार बदलाव तय है।”
पिछले लोकसभा चुनाव में खड़गपुर से भाजपा ने उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया था, लेकिन इस बार विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें खड़गपुर सदर से मैदान में उतारा है। उम्मीदवार बनने के बाद से ही वे लगातार क्षेत्र में प्रचार और जनसंपर्क कर रहे हैं।
गुरुवार सुबह उन्होंने नाश्ते में इडली और बड़ा का सेवन किया, जिसके बाद सफेद कुर्ता-पायजामा पहनकर मतदान के लिए निकले। उन्होंने खड़गपुर के सेरोसा स्टेडियम स्थित २६३ नंबर बूथ पर मतदान किया।
मतदान के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “अभी मैं घर पर ही रहूंगा। कहीं कोई समस्या होगी तो ही जाऊंगा। मुझे नहीं लगता कि ज्यादा घूमने की जरूरत है। लोग शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कर रहे हैं और माहौल ठीक है।”
उन्होंने निष्पक्ष मतदान के लिए निर्वाचन आयोग को धन्यवाद भी दिया।
एसआईआर के प्रभाव को लेकर पूछे गए सवाल पर दिलीप घोष ने कहा कि अन्य राज्यों में भी एसआईआर हुआ है और वहां कोई विवाद नहीं हुआ। उनके अनुसार, केवल बंगाल में ही इस मुद्दे पर चर्चा हो रही है, जो राजनीतिक कारणों से है।
उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस चुनाव हार रही है, इसलिए ऐसे मुद्दों को उठाकर प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि बंगाल में इस बार परिवर्तन तय है।

About Author

Advertisement