नई दिल्ली: ९० के दशक के जाने-माने बॉलीवुड अभिनेता दीपक तिजोरी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। फ्रांस में चल रहे ‘फ्रेंच रिवेरा फिल्म फेस्टिवल’ (कान्स) में उन्हें ‘बेस्ट एक्टर’ (सर्वश्रेष्ठ अभिनेता) के प्रतिष्ठित अवॉर्ड से नवाजा गया है। दीपक तिजोरी को यह सम्मान निर्देशक जो राजन के निर्देशन में बनी अंग्रेजी शॉर्ट फिल्म ‘इकोज ऑफ अस’ (Echoes Of Us) में उनकी बेहतरीन और दमदार अदाकारी के लिए मिला है। कमर्शियल बॉलीवुड सिनेमा से अलग हटकर अब इंडिपेंडेंट और अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्मों में अपनी किस्मत आजमा रहे दीपक तिजोरी के करियर के लिए यह अवॉर्ड एक बहुत बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दीपक तिजोरी का यह सफर काफी दिलचस्प है, क्योंकि यह उनका पहला अवॉर्ड नहीं है। सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, किसी अंग्रेजी भाषा की शॉर्ट फिल्म के लिए दीपक तिजोरी का यह कुल २१वां ‘बेस्ट एक्टर’ अवॉर्ड है। पिछले कुछ सालों में उन्होंने लगातार लीक से हटकर काम करना और इंटरनेशनल डायरेक्टर्स के प्रोजेक्ट्स को चुनना शुरू किया है। यही वजह है कि आज ग्लोबल फिल्म फेस्टिवल सर्किट में उन्होंने बतौर कलाकार अपनी एक बेहद मजबूत और अलग पहचान बना ली है।
शॉर्ट फिल्म ‘इकोज ऑफ अस’ सिर्फ दीपक तिजोरी के अवॉर्ड की वजह से ही नहीं, बल्कि अपनी अनोखी कहानी के लिए भी चर्चा में है। इस फिल्म ने अमेरिका और यूरोप के कई बड़े अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में पहले ही काफी धूम मचा रखी है। खास बात यह है कि इस शॉर्ट फिल्म के जरिए यूलिया वंतूर ने भी एक्टिंग की दुनिया में अपना पहला कदम रखा है। अपनी कसी हुई स्क्रिप्ट और कलाकारों की शानदार परफॉर्मेंस के दम पर यह फिल्म दुनिया भर में कई अवॉर्ड्स और क्रिटिक्स की तारीफें बटोर चुकी है।
एक्ट्रेस पूजा बत्रा द्वारा प्रोड्यूस की गई इस शॉर्ट फिल्म की ऑफिशियल फेस्टिवल स्क्रीनिंग कान्स फेस्टिवल सीजन के दौरान १४ मई, २०२६ को ‘प्यालेस सी” में रखी गई थी। आपको बता दें कि फ्रेंच रिवेरा फिल्म फेस्टिवल, हालांकि मुख्य कान्स फिल्म फेस्टिवल की लाइनअप से थोड़ा अलग है, लेकिन दुनिया भर की शॉर्ट फिल्मों, नई कहानियों और उभरते हुए फिल्ममेकर्स को बढ़ावा देने के मामले में इस फेस्टिवल का अपना एक बहुत बड़ा नाम और रुतबा है।
कान्स में सिर्फ अवॉर्ड जीतना ही नहीं, बल्कि दीपक तिजोरी का स्टाइल भी वहां मौजूद हर शख्स के आकर्षण का केंद्र बन गया। वह वहां आयोजित ‘कार्लटन केन्स फैशन शो’ में मशहूर डिजाइनर इशिका जैन के शोस्टॉपर के रूप में रैंप पर उतरे। ब्लैक और गोल्डन कलर के शानदार ब्लेज़र में दीपक बेहद हैंडसम लग रहे थे। बता दें कि दीपक तिजोरी ने १९९० के दशक में ‘आशिकी’, ‘कभी हां कभी ना’, ‘जो जीता वही सिकंदर’ और ‘अंजाम’ जैसी कई सुपरहिट हिंदी फिल्मों में अपने किरदारों से दर्शकों का दिल जीता है।










