फूलबाड़ी: फूलबाड़ी टोल गेट से इनटेक वेल तक जर्जर हो चुकी फूलबाड़ी-घोषपुकुर बाईपास सड़क के पुनर्निर्माण का कार्य गुरुवार से विधिवत शुरू हो गया है। पश्चिम बंगाल सरकार के पर्यटन एवं संसदीय कार्य मंत्री डॉ. शंकर घोष और डाबग्राम-फूलबाड़ी की विधायिका शिखा चटर्जी ने दीप प्रज्वलित कर और शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर एसजेडीए के सीईओ बीर बिक्रम राय, डीसीपी (ट्रैफिक) काजी समसुद्दीन अहमद सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नेता उपस्थित थे।
जानकारी के अनुसार, फूलबाड़ी टोल गेट से इनटेक वेल तक लगभग १.४० किलोमीटर लंबी सड़क का पुनर्निर्माण किया जाएगा। यह सड़क १०.५० मीटर चौड़ी होगी और इसकी पुरानी सतह को हटाकर नई पक्की पिच सड़क बनाई जाएगी। इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग ₹ ८ करोड़ है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री डॉ. शंकर घोष ने कहा कि आगामी दुर्गा पूजा से पहले सड़क को कम से कम वाहनों की आवाजाही के योग्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि फूलबाड़ी टोल गेट की निविदा प्रक्रिया जारी है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे का काम शुरू किया जाएगा। सड़क के निर्माण से स्थानीय यातायात व्यवस्था में भारी सुधार होने की उम्मीद है।





