सिलीगुड़ी: पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में आने वाले पर्यटकों को फर्जी ट्रैवल एजेंसियों की धोखाधड़ी से बचाने के लिए पर्यटन विभाग एक बड़ी पहल करने जा रही है। विभाग पर्यटकों के लिए सुरक्षित और विश्वसनीय सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए एक समर्पित मोबाइल ऐप और वेबसाइट लॉन्च करने की योजना बना रहा है।
मंगलवार को सिलीगुड़ी में पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में होटल मालिकों, ट्रैवल ऑपरेटरों, होमस्टे मालिकों और पर्यटन संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस बैठक में पर्यटन मंत्री डा. शंकर घोष, दार्जिलिङ के सांसद राजू बिष्ट और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
पर्यटन मंत्री डा. घोष ने बताया कि जल्द ही एक विशेष ऐप लॉन्च किया जाएगा, जिसमें राज्य की सभी पंजीकृत (रजिस्टर्ड) ट्रैवल एजेंसियों की जानकारी होगी। पर्यटक इस प्लेटफॉर्म के जरिए सत्यापित पर्यटन स्थलों, होटलों और ट्रैवल पैकेजों की जानकारी ले सकेंगे और सीधे बुकिंग भी कर सकेंगे। इससे फर्जी एजेंसियों द्वारा की जाने वाली धोखाधड़ी में भारी कमी आएगी।

मंत्री ने होमस्टे संचालकों को भी सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि केवल “होमस्टे” का बोर्ड लगाकर व्यवसाय नहीं चलाया जा सकता, इसके लिए उचित सरकारी मंजूरी और दस्तावेज होने अनिवार्य हैं। सरकार का कहना है कि इस तकनीकी सेवा का उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और पर्यटक-अनुकूल बनाना है।










