दुर्गापुर: दुर्गापुर के डीवीसी मोड़ के पास नजरुल पल्ली इलाके में रविवार सुबह खुले मैदान में स्थित एक प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग लग गई। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।इस अग्निकांड में किसी भी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक बैग जमा किए गए थे। रविवार सुबह लगभग ११ बजे अचानक गोदाम से धुआं निकलता देखा गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। तेज लपटों और घने धुएं को देखकर आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।सूचना मिलते ही दुर्गापुर अग्निशमन केंद्र से सबसे पहले एक दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। आग की तीव्रता को देखते हुए बाद में दो और दमकल भेजे गए। दमकल कर्मियों ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।अग्निशमन अधिकारी रिपन बरुआ ने बताया कि सूचना मिलते ही उनकी टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। खुले मैदान जैसे अस्थायी गोदाम में रखे प्लास्टिक में आग लगी थी। फिलहाल आग पूरी तरह नियंत्रित कर ली गई है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।









