चोटिल लुंगी एनगिडी की हालत स्थिर

IMG-20260426-WA0078

​नई दिल्ली: दिल्ली कैपिटल्स के घातक तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए हैं। फिजियो ने मैदान पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के बाद तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। शनिवार को हुई इस घटना के बाद दिल्ली कैपिटल्स की ओर से उनके स्वास्थ्य को लेकर अपडेट जारी किया गया है। फ्रेंचाइजी द्वारा सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा गया है कि एनगिडी की स्थिति स्थिर है और उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।
​दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेले गए आईपीएल मैच के दौरान फील्डिंग करते समय दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनगिडी के सिर में गंभीर चोट लगी थी। उन्हें स्ट्रेचर की मदद से एम्बुलेंस में बिठाकर मैदान से बाहर ले जाया गया। यह घटना पंजाब किंग्स की पारी के तीसरे ओवर में हुई थी जब एनगिडी मिड-ऑफ से दौड़कर कैच लेने का प्रयास कर रहे थे। प्रियांश आर्या के शॉट पर वे गेंद का सही अंदाजा नहीं लगा सके और संतुलन बिगड़ने के कारण मैदान पर गिर गए। मैदान पर गिरते समय उनका सिर जोर से जमीन से टकराया था।
​घटना के तुरंत बाद मैदान पर मौजूद खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ उनकी सहायता के लिए आगे आए। टीम के फिजियो ने भी तुरंत आकर एनगिडी को प्राथमिक उपचार दिया। मैदान पर गिरने के बाद एनगिडी खड़े नहीं हो सके और उन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुँचाया गया। उपचार के दौरान एनगिडी को डॉक्टरों के साथ बातचीत करते हुए देखा गया और अस्पताल में उनकी स्थिति में सुधार आया है। एनगिडी के मैदान छोड़ने के बाद मैच में दुष्मंथा चमीरा कनकशन सब्स्टीट्यूट के रूप में खेलने उतरे।

About Author

Advertisement