गंगटोक: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व के २५ वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) ने सिक्किम की जनता और राज्य सरकार की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
सोशल मीडिया पर अपना संदेश साझा करते हुए मुख्यमंत्री गोले ने कहा कि ७ अक्टूबर २००१ को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभालने से लेकर देश के प्रधानमंत्री बनने तक की नरेंद्र मोदी की २५ वर्षों की यात्रा निस्वार्थ सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना को मजबूत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी का ‘विकसित भारत’ और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का दृष्टिकोण पूरे देश को लगातार प्रेरित कर रहा है।
पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास, यहाँ की विविधता, सांस्कृतिक धरोहर और अपार संभावनाओं पर प्रधानमंत्री के विशेष ध्यान से इस क्षेत्र के संपर्क (कनेक्टिविटी), समग्र विकास और राष्ट्रीय प्रगति की मुख्यधारा में एकीकरण को नई गति मिली है।
सिक्किम राज्य और यहाँ के लोगों के प्रति प्रधानमंत्री के निरंतर स्नेह, मार्गदर्शन और समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री गोले ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्र को प्रगति एवं वैश्विक नेतृत्व की ओर ले जाने वाले सफल कार्यकाल की कामना की है।





