बाेलीं: ‘विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए माता अक्षय ऊर्जा प्रदान करें’
कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्र सेवा की कामना करते हुए पश्चिम बंगाल की महिला एवं बाल कल्याण तथा शहरी विकास मंत्री अग्निमित्र पॉल ने बुधवार को गुवाहाटी के प्रसिद्ध शक्तिपीठ कामाख्या मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस पावन अवसर पर मंत्री पॉल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति और शासन व्यवस्था में एक नया और ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित करते हुए देश के प्रधानमंत्री के रूप में सफलतापूर्वक १२ वर्ष पूरे कर लिए हैं। उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रधानमंत्री को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।
कामाख्या मंदिर में माता के दर्शन और प्रार्थना के बाद मीडिया से बात करते हुए मंत्री अग्निमित्र पॉल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचे, डिजिटल तकनीक, सुदृढ़ अर्थव्यवस्था और वैश्विक कूटनीति में अभूतपूर्व और उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि आज भारत विश्व पटल पर एक मजबूत, स्वाभिमानी और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में स्थापित होने में सफल रहा है।
अपनी अगाध श्रद्धा प्रकट करते हुए मंत्री पॉल ने कहा कि मैंने मां कामाख्या से प्रार्थना की है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सदैव निरोगी और दीर्घायु रखें तथा देश की सेवा के लिए उन्हें अक्षय ऊर्जा प्रदान करें। आने वाले वर्षों में भी प्रधानमंत्री मोदी इसी तरह दृढ़ संकल्प, साहस और समर्पण के साथ राष्ट्र निर्माण के महाअभियान में जुटे रहें, यही कामना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए देश को उनका नेतृत्व मिलता रहेगा और मां कामाख्या का आशीर्वाद उन पर हमेशा बना रहेगा।










