युवाओं को औद्योगिक प्रशिक्षण के साथ मिलेगा १५ हजार रुपये भत्ता
हावड़ा: देश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी रोजगार क्षमता को निखारने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ की शुरुआत की है। इस केंद्रीय पहल का मुख्य उद्देश्य भारतीय युवाओं को विभिन्न उद्योगों की मांग के अनुसार तकनीकी रूप से प्रशिक्षित और कुशल बनाना है। हावड़ा के शरत सदन में इस उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुआ। कार्यक्रम में राज्य के नगर एवं शहरी विकास विभाग के राज्य मंत्री उमेश राय, विधायक रुद्रनील घोष, विभिन्न उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि तथा हावड़ा क्षेत्र के कर्मचारी भविष्य निधि आयुक्त सौरभ कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री उमेश राय ने कहा कि देश की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक बेरोजगारी है और इसी समस्या के समाधान तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री ने यह पहल की है। योजना के माध्यम से युवा विभिन्न उद्योगों और कारखानों में प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी कौशल क्षमता का विकास कर पाएंगे। योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को केंद्र सरकार ६ महीने तक प्रति माह १५ हजार रुपये का भत्ता प्रदान करेगी। उमेश राय ने कहा कि जब सरकार युवाओं के प्रशिक्षण भत्ते का खर्च उठाएगी, तो इससे सीधे तौर पर उद्योगों को बड़ी राहत मिलेगी और वे बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय बोझ के कुशल कार्यबल तैयार कर सकेंगे, जिससे देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।










