​पेशेवर फुटबॉल में यह आखिरी साल हो सकता है: क्रिस्टियानो रोनाल्डो का दावा

IMG-20260817-WA0070

​नई दिल्ली: पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने संन्यास को लेकर बड़ा संकेत दिया है। हाल ही में विवाह बंधन में बंधने वाले ४१ वर्षीय रोनाल्डो के अनुसार, २०२६-२७ फुटबॉल सीजन शीर्ष स्तर पर उनका आखिरी सीजन हो सकता है। रोनाल्डो ने यह बात शादी से पहले दिए एक इंटरव्यू में कही। रोनाल्डो फिलहाल सऊदी प्रो लीग में अपने क्लब अल-नस्र के लिए खेल रहे हैं। वह अपने करियर में १००० पेशेवर गोल करने के ऐतिहासिक आंकड़े से महज २४ गोल दूर हैं। उनके नाम फिलहाल ९७६ गोल दर्ज हैं। रोनाल्डो ने इंटरव्यू में कहा कि यह शायद फुटबॉल में उनका आखिरी साल होगा और वह एक असाधारण विरासत छोड़कर जाना चाहते हैं। उन्होंने संन्यास के बाद की अपनी जिंदगी के बारे में भी बात की। रोनाल्डो के मुताबिक, उन्होंने अपने भविष्य की योजनाएं बना ली हैं और फुटबॉल छोड़ने के बाद खुद को व्यस्त रखने के लिए उनके पास कई चीजें हैं। उन्होंने कहा, “मेरा भविष्य पूरी तरह से तय है। मेरे पास खुद को व्यस्त रखने के लिए बहुत सी चीजें हैं। फुटबॉल छोड़ने के बाद एक बड़ा खालीपन आएगा, जिसे उस समय किसी एक चीज से नहीं बल्कि कई तरीकों से भरना होगा।”
​रोनाल्डो फुटबॉल से संन्यास लेने के बाद ज्यादा मौज-मस्ती करना, यात्राएं करना और अपनी पसंदीदा गतिविधियों में समय बिताना चाहते हैं। उन्होंने विशेष रूप से पैडल (Padel) खेलने और देखने का जिक्र किया। पांच बार के बैलोन डी’ओर विजेता और पांच बार के चैंपियंस लीग विजेता रोनाल्डो इंग्लैंड, स्पेन, इटली और सऊदी अरब में लीग खिताब जीत चुके हैं। वह पुरुषों के अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले और ऑल-टाइम टॉप स्कोरर हैं। रोनाल्डो ने पुर्तगाल की ओर से रिकॉर्ड २३३ मैच खेलकर रिकॉर्ड १४६ गोल किए हैं। सऊदी प्रो लीग क्लब अल-नस्र के साथ उनका अभी एक साल का अनुबंध बाकी है।
​रोनाल्डो ने कहा, “मैं बहुत मजे करना चाहता हूं, ज्यादा यात्राएं करना चाहता हूं, पैडल देखना और खेलना चाहता हूं। ये सब चीजें मुझे पसंद हैं। इसके साथ ही मैंने जो कुछ भी हासिल किया है, उसका आनंद लेना जारी रखूंगा।” रोनाल्डो ने अपने करियर के संघर्षों और त्यागों को याद करते हुए कहा, “इस यात्रा ने लगभग २५ साल पूरे कर लिए हैं और इस दौरान मुझे कई कुर्बानियां देनी पड़ीं। संन्यास के बाद मैं बिना किसी पछतावे के खुलकर जीना चाहता हूं।” गौरतलब है कि रोनाल्डो अपने स्वर्णिम करियर में फीफा विश्व कप का खिताब नहीं जीत सके। विश्व कप २०२६ में पुर्तगाल को राउंड ऑफ १६ में स्पेन के खिलाफ १-० से हारकर बाहर होना पड़ा था।

About Author

Advertisement