पूर्णकालिक सदस्य देशों में अभिषेक का सबसे तेज़ टी२० शतक का रिकॉर्ड, केवल ३० गेंदों में पूरा किया शतक

IMG-20260917-WA0099

​नई दिल्ली: भारत के अभिषेक शर्मा ने टी२० अंतर्राष्ट्रीय प्रारूप में एक नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया है। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी शैली से विपक्षी गेंदबाजों के दिल में खौफ पैदा करने वाले भारतीय सलामी बल्लेबाज ने आज अफ़गानिस्तान के खिलाफ सीरीज के तीसरे और अंतिम मैच में महज ३० गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह आईसीसी के पूर्णकालिक सदस्य देशों में किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे तेज़ टी२० अंतर्राष्ट्रीय शतक है।
​अभिषेक ने आज मैच में केवल ३४ गेंदों पर १०८ रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें ११ छक्के और ९ चौके शामिल थे। ३० गेंदों में शतक जड़कर उन्होंने ज़िम्बाब्वे के सिकंदर रज़ा और न्यूज़ीलैंड के फिन एलेन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने ३३-३३ गेंदों में शतक बनाए थे। रज़ा ने २०२४ में गाम्बिया के खिलाफ और एलेन ने २०२६ में दक्षिण अफ़्रीका के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी।
​समग्र टी२० अंतर्राष्ट्रीय इतिहास (एसोसिएट सदस्यों सहित) में सबसे तेज़ शतक का रिकॉर्ड एस्टोनिया के साहिल चौहान के नाम दर्ज है, जिन्होंने २०२४ में साइप्रस के खिलाफ २७ गेंदों में शतक बनाया था। वहीं, तुर्की के मोहम्मद फहद ने २०२५ में बुल्गारिया के खिलाफ २९ गेंदों में शतक जड़ा था।
​आज अभिषेक ने भारत के लिए टी२० अंतर्राष्ट्रीय में सबसे तेज़ शतक लगाने का रोहित शर्मा का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। रोहित ने २०१७ में श्रीलंका के खिलाफ ३५ गेंदों में शतक बनाया था। अभिषेक की इस रिकॉर्ड पारी की मदद से भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए २० ओवरों में ७ विकेट के नुकसान पर २२१ रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसमें सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने भी ५० रनों का योगदान दिया।

About Author

Advertisement