पीटी उषा आईओए अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगी

IMG-20261125-WA0085

नई दिल्ली: भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव में इस बार काफी बदलाव देखने को मिलेगा। मौजूदा अध्यक्ष पीटी उषा ने इस बार चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। वहीं, पूर्व महासचिव राजीव मेहता, तीरंदाजी संघ के महासचिव वीरेंद्र कुमार सचदेवा और लंदन ओलंपिक के पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग ने अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है। इस तरह अब अध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा।
आईओए का चुनाव ५ दिसंबर को होगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख मंगलवार (२४ नवंबर) थी। पीटी उषा अंतिम दिन भी नामांकन दाखिल करने के लिए आईओए भवन नहीं पहुंचीं।
आईओए के उपाध्यक्ष पद के लिए पूर्व लंबी कूद खिलाड़ी अंजू बॉबी जॉर्ज और ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने नामांकन दाखिल किया है।
इसी तरह, कार्यकारी समिति के लिए पूर्व हॉकी कप्तान रानी रामपाल, पूर्व तीरंदाज डोला बनर्जी और ओलंपिक पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त ने अपनी दावेदारी पेश की है।
भारतीय बॉलिंग महासंघ की अध्यक्ष और आईओए की पूर्व उपाध्यक्ष सुनैना कुमारी ने संयुक्त सचिव पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। वहीं, भारतीय तैराकी महासंघ के अध्यक्ष आर.एन. जयप्रकाश ने कार्यकारी परिषद के पद के लिए नामांकन दाखिल किया है।
आईओए कार्यकारी परिषद का चुनाव ५ दिसंबर को होगा। मौजूदा कार्यकारी परिषद का कार्यकाल १० दिसंबर को समाप्त हो रहा है।
चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए आईओए ने दिल्ली और चंडीगढ़ के पूर्व चुनाव आयुक्त संजय कुमार श्रीवास्तव को निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया है।

About Author

Advertisement